राजगढ़ जिले की खिलचीपुर तहसील में भूमि बंटवारे से जुड़े एक मामले में लापरवाही सामने आने के बाद राजस्व विभाग ने कार्रवाई की है। ग्राम तलावड़ा निवासी किसान मोहनलाल पिता देवेराम तंवर की शिकायत पर हल्का नंबर 33 के पटवारी देवेंद्र मीणा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। यह मामला भूमि सर्वे क्रमांक 3 सहित कुल 16 खसरों और 5.891 हेक्टेयर रकबे के बंटवारे से संबंधित है। यह प्रकरण नायब तहसीलदार भोजपुर न्यायालय में विचाराधीन है। शिकायत के अनुसार, पटवारी ने बंटवारे से संबंधित फर्द तय समय सीमा में न्यायालय में प्रस्तुत नहीं की थी, जिसके कारण प्रकरण लंबे समय तक लंबित रहा। पटवारी की गंभीर लापरवाही मिली
किसान मोहनलाल तंवर ने इस संबंध में शपथ पत्र के साथ शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में कंवरलाल और धारासिंह के कथन भी साक्षी के रूप में शामिल किए गए थे। जांच के दौरान प्रथम दृष्टया पटवारी की ओर से गंभीर लापरवाही पाई गई, जिसके बाद राजस्व विभाग ने निलंबन की कार्रवाई की। गौरतलब है कि इस मामले को लेकर किसान द्वारा लगाए गए आरोपों और बंटवारे में हो रही देरी से जुड़ी खबर डिजिटल दैनिक भास्कर में प्रकाशित हुई थी। इस खबर के बाद प्रशासनिक स्तर पर मामले का संज्ञान लिया गया, जिसके परिणामस्वरूप यह कार्रवाई सामने आई। निलंबन अवधि के दौरान पटवारी देवेंद्र मीणा का मुख्यालय अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) कार्यालय खिलचीपुर निर्धारित किया गया है। भूमि बंटवारे का यह प्रकरण फिलहाल नायब तहसीलदार भोजपुर न्यायालय में विचाराधीन है। राजस्व विभाग ने स्पष्ट किया है कि शासकीय कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।


