सांसद निवास के सामने बैरिकेडिंग और दीवार कूदने की कोशिश:नर्मदापुरम में मंत्री विजयवर्गीय के खिलाफ प्रदर्शन; कार्यकर्ताओं ने घंटा बजाया

नर्मदापुरम में दूषित पानी पीने से हुई मौतों और नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय की विवादित टिप्पणी के विरोध में नगर कांग्रेस और ब्लॉक कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सोमवार दोपहर प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन भाजपा सांसद दर्शन सिंह चौधरी के निवास के सामने किया गया, जहां बड़ी संख्या में कांग्रेसी घंटा बजाते हुए और मंत्री के खिलाफ नारेबाजी करते नजर आए। नगर कांग्रेस और ब्लॉक कांग्रेस के कार्यकर्ता दोपहर में सांसद निवास के सामने पहुंचे। किसी को अंदर प्रवेश न कर सके, इसके लिए पुलिस ने गेट पर बैरिकेडिंग कर दी। प्रदर्शनकारी “कैलाश विजयवर्गीय मुर्दाबाद” के नारे लगाते रहे। पुलिस द्वारा रोके जाने पर कुछ कांग्रेसी बैरिकेडिंग पर चढ़कर अंदर कूदने की कोशिश करने लगे, जिन्हें पुलिसकर्मियों ने धक्का देकर पीछे हटाया। दीवार कूदने की कोशिश, पुलिस से झड़प
प्रदर्शन के अंतिम चरण में दो कांग्रेसी दीवार कूदकर सांसद के बंगले के अंदर घुस गए। हालांकि मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों ने तत्काल दोनों को पकड़कर बाहर निकाल दिया। इसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय की तस्वीर जलाई और मंत्री, सांसद दर्शन सिंह चौधरी तथा मुख्यमंत्री मोहन यादव के खिलाफ नारे लगाए। करीब 30 मिनट तक प्रदर्शन चला। नगर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष कमलेश बाथरे ने कहा कि मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने लोकतंत्र के चौथे स्तंभ को लेकर अशोभनीय टिप्पणी की है और ‘घंटा’ जैसे शब्दों का प्रयोग किया। इसी के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने घंटा बजाकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में नगर कांग्रेस अध्यक्ष कमलेश बाथरे, ब्लॉक कांग्रेस ग्रामीण अध्यक्ष अनुराग मलैया, अनोखीलाल राजौरिया, महेश पांडे, पूर्व नगर अध्यक्ष धर्मेंद्र तिवारी, अजय सैनी, फैजान खान, रोहन जैन सहित अन्य नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। पुलिस कार्रवाई और स्थिति
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए कोतवाली थाना, देहात थाना और पुलिस लाइन का बल तैनात किया गया था। यातायात डीएसपी संतोष मिश्रा, टीआई कंचन सिंह ठाकुर, निरीक्षक सौरभ पांडे और निरीक्षक राहुल रैकवार मौके पर मौजूद रहे। दीवार कूदने और कानून-व्यवस्था भंग करने के मामले में पुलिस ने युवा कांग्रेस के पांच कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर थाने ले जाया। पुलिस के अनुसार, स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है और मामले की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *