एसआईआर सर्वे को लेकर शनिवार को बीना में भाजपा की बैठक आयोजित की। बैठक में भाजपा प्रदेश महामंत्री एवं सांसद लता वानखेड़े के बयान से राजनीति गरमा गई है। बैठक में सांसद वानखेड़े ने कहा कि बीना विधायक निर्मला सप्रे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की योजनाओं से प्रभावित होकर और हमारे मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की योजनाओं से प्रभावित होकर भारतीय जनता पार्टी का दामन थामा और वे निरंतर हमारे साथ कंधे से कंधा मिलाकर चल रही हैं। हमारे प्रत्येक कार्यकर्ता को सम्मान और आदर के साथ संगठन का महत्वपूर्ण हिस्सा माना जाता है। विधायक जी इसी भावना के साथ लगातार काम कर रही हैं और आगे भी हमारे साथ जुड़ी रहेंगी। राजनीतिक दल परिवर्तन एक प्रक्रिया है, जिसमें तकनीकी पहलू भी शामिल होते हैं। कुछ तकनीकी वजहों से यह प्रक्रिया अभी पूरी नहीं हुई है, लेकिन बहुत जल्द यह दिशा स्पष्ट होगी। ध्यान देने योग्य है कि पहली बार भाजपा प्रदेश संगठन के किसी वरिष्ठ नेता ने सार्वजनिक मंच से स्पष्ट तौर पर कहा है कि विधायक ने दल-बदल किया है। सांसद वानखेड़े ने आगे कहा कि एसआईआर के माध्यम से जो जिम्मेदारी हमें मिली है, उसके जरिए हम संगठन की जमीन को और मजबूत बना रहे हैं।


