सागर में डिमांड पर थाने से मिल रही ड्रग्स:टीआई ने दिलाई शराब,  पुलिस पर अपराध रोकने की जिम्मेदारी

जिन पुलिस थानों पर अपराध रोकने का जिम्मा है, सागर में वही खुलेआम अवैध धंधों में लिप्त हैं। कजलीवन और करीला इलाका नशे का अड्डा बन चुका है। डिमांड मिलते ही थाने से शराब की पेटियां बिक रही हैं। नगर निगम कार्यालय के बगल वाली स्पा में देह व्यापार चल रहा है। दिनभर चार से पांच ग्राहक आते हैं। इसी तरह, मकरोनिया और सदर में जुआ-सट्टा जारी है। सबसे बड़ा सवाल यह कि ये सब इतना बेखौफ होकर कैसे हो रहा है? यह जानने के लिए भास्कर ने दो महीने तक तीन थानों- मोतीनगर, बहेरिया और गोपालगंज की पड़ताल की तो सामने आया कि इन अवैध धंधों में खुद पुलिस शामिल है। ड्रग्स के सप्लायर नाबालिग हैं। उनसे जब ड्रग्स की डिमांड करो तो वे इसे लाने थाने चले जाते हैं। हालांकि जिम्मेदार थाना इंचार्ज से जब इस पर बात की तो सभी ने आरोपों को नकार दिया। एसपी बोले- जांच करेंगे
किसी भी गैरकानूनी गतिविधि को बंद किया जाएगा। जांच कराकर जो भी दोषी होंगे, कार्रवाई करेंगे।’ -विकास कुमार सहवाल, एसपी सागर स्टिंग-1… 15 नवंबर : रात 8 बजे टीआई ने शराब की पेटी दिलवाई, थाने में लेन-देन 15 नवंबर रात 8 बजे भास्कर टीम बहेरिया थाने पहुंची। टीम ने टीआई गजेन्द्र सिंह से शादी के लिए एक पेटी अच्छी क्वालिटी की शराब मांगी। टीआई ने पूछा- ‘बस एक पेटी?’
इसके बाद उन्होंने महंगी ‘बेलटाइन’ की 6 बोतलें तुरंत दिलवाईं। वहीं खड़े एक व्यक्ति को 10 हजार रु. दिलवाए, जिसने बोतलें कार में रख दीं। अगले दिन दोपहर टीम फिर पहुंची। इस बार 13 हजार रु. थाने परिसर में ही पुलिस की अनुबंधित गाड़ी के ड्राइवर को दिलवाए गए। ड्राइवर उसी गाड़ी से शराब लेने गया और थोड़ी देर बाद बोतलों के साथ लौटा। ड्राइवर ने खुलकर कहा- ‘पहले हमें भी छूट होती थी, अब बिना साहब की मंजूरी कुछ नहीं।”
बाद में भास्कर से बहेरिया टीआई ने आरोप नकारते हुए कहा- ऐसा कुछ नहीं होता। स्टिंग-2 … 31 अक्टूबर चौराहे पर ड्रग्स मांगी तो मोतीनगर थाने के अंदर से लेकर आ गया नाबालिग मोतीनगर चौराहा। बस स्टॉप पर मुंह पर रूमाल बांधे खड़ा एक नाबालिग। टीम ने ‘माल’ मांगा तो उसने जेब से 5 पुड़िया निकालकर दिखा दीं। जब 15 पुड़िया मांगी। वह सीधे मोतीनगर थाने के अंदर गया। कुछ देर बाद फोन पर बात करते हुए वापस टीम के पास आया। भास्कर ने ड्रग्स नहीं खरीदी। करीला-कजलीवन की गली में 3-4 नाबालिग खड़े रहते हैं। {मोतीनगर थाना प्रभारी जसबंत सिंह ने कहा- ‘ऐसी कोई शिकायत नहीं मिली है। कोई तथ्य हैं तो हमें दें, हम जांच करेंगे।‘ स्टिंग-3 … 1 और 16 नवंबर निगम ऑफिस के बगल वाले स्पा में देह व्यापार; बोले- पुलिस का सहयोग गोपालगंज थाना क्षेत्र में नगर निगम कार्यालय की दीवार से सटा लेक व्यू स्पा। बोर्ड पर लिखा है- ‘केवल प्रोफेशनल्स के लिए’। 1 नवंबर को 1500 रु. जमा करने के बाद भास्कर टीम को एंट्री मिली। अंदर लाल लाइट वाला कमरा था। यहां युवती ने अपना नाम संगीता व निवासी नेपाल बताया। उसने कहा- ‘फुल सर्विस 4 हजार में।’
16 नवंबर को रिसेप्शनिस्ट गगन ने फोन पर बताया- ‘दूसरे स्पा में हंगामा हुआ था, इसलिए टीआई ने कुछ दिन बंद रखने को कहा है। पुलिस सहयोग करती है।’
टीआई राजेंद्र सिंह कुशवाहा बोले- ‘हम ऐसा क्यों कहेंगे? कोई देह व्यापार नहीं चल रहा।’

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *