साइक्लोनिक सर्कुलेशन का असर कम हुआ, 10 तक हल्की बारिश

बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव के क्षेत्र का असर अब कम होने लगा है। इस वजह से शुक्रवार को रांची में मौसम साफ रहा। सुबह में धूप भी खिली। इससे लोगों ने राहत की सांस ली। मौसम साफ होने से तापमान में भी करीब 2.7 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई। बारिश थमने से सबसे अधिक खुशी मूर्तिकारों और दुर्गा पूजा पंडाल बनाने वालों के चेहरे पर दिखी। वे धूप में मूर्ति सुखाने में जुट गए। दूसरी ओर पंडाल के ऊपरी हिस्से का निर्माण तेज हो गया। मौसम विभाग रांची केन्द्र के अनुसार 6 और 7 सितंबर को राज्य के कुछ स्थानों पर हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश होने की संभावना है। 8 और 9 सितंबर को राज्य के कई स्थानों पर बारिश हो सकती है। वहीं 10 और 11 सितंबर को भी अनेक स्थान पर गर्जन के साथ हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश होने के आसार हैं। मौसम केन्द्र ने 6 से 9 सितंबर तक कहीं-कहीं गर्जन के साथ 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा के झोंके चलने की संभावना जताते हुए यलो अलर्ट जारी किया है। इधर, पिछले 24 घंटे में सर्वाधिक वर्षा खूंटी के दियाकेल में 26.5 एमएम दर्ज की गई।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *