सवाई माधोपुर की रवाजंना डूंगर थाना पुलिस ने ऑपरेशन साइबर शील्ड के तहत एक साइबर ठग को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी दीपक (24) पुत्र हंसराज मीणा निवासी करैला थाना मानटाउन को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी से एक लाख दस हजार छह सौ रुपए की नगदी, एक स्कार्पियो कार और एक मोबाइल जब्त किया है। मोबाइल फोन में करोड़ों रूपए की ठगी का हिसाब मिला है। करोड़ों रूपए का हिसाब मिला रवाजंना डूंगर थानाधिकारी हरिमन मीणा ने बताया कि निर्माणाधीन एक्सप्रेस हाईवे खिजूरी के पास टेलीग्राम एप के माध्यम से ऑनलाइन साइबर ठगी करने की सूचना मिली थी। सूचना मिलने पर ऑपरेशन साइबर शील्ड के तहत कार्रवाई के लिए टीम का गठन किया गठित टीम सूचना पर मौके पर पहुंची। जहां पुलिस को देखकर आरोपी भागने लगा। जिस पर पुलिस टीम ने आरोपी को घेराबंदी कर पकड़ा। साइबर ठग से जब्त एक मोबाइल के अनुसार आरोपी लोगों से टेलीग्राम पर चैनल बना कर ग्राहकों से फोन /इंटरनेट के माध्यम से ऑनलाइन सम्पर्क मे रहकर फर्जी दस्तावेज के आधार पर प्राप्त की गई सिम कार्ड, मोबाइल, भिन्न-भिन्न बैंक अकाउंट का उपयोग कर ठगी को अंजाम देता था। आरोपी लोगों के साथ क्रिकेट मैच में ऑनलाइन टिप्स देकर, टेलीग्राम चैनल बनाकर लोगों के साथ ठगी करता था। पुलिस को आरोपी के मोबाइल में करोड़ों रूपए के ट्रांजैक्शन का हिसाब मिला है। जिसके बाद पुलिस ने गिरफ्तार किया है। थानाधिकारी मीणा के अनुसार आगामी समय में भी साइबर ठगी करने वाले आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।


