भीलवाड़ा | साइबर फ्रॉड के नित नए तरीकों को देखते हुए प्रदेश में आमजन को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के लिए राज्य सरकार ने दो एडवाइजरी की। गृह विभाग की ओर से जारी एडवाइजरी में साइबर ठगों द्वारा इंडिया पोस्ट स्कैम व अन्य माध्यम से किए जा रहे साइबर फ्रॉड से बचने के उपाय बताए। बीजेड़-इनपोस्ट स्कैम मैसेज फिशिंग स्कैम है। जिसमें आमजन को इंडिया पोस्ट के नाम से एसएमएस या फोन कॉल कर दावा किया जाता है कि अधूरे पते के कारण पैकेज डिलीवर नहीं किया जा सकता है। इस फेक मैसेज में पता अपडेट करने के लिए एक लिंक दिया जाता है। जिस पर क्लिक करते ही यह एक धोखाधड़ी वाली वेबसाइट पर रीडायरेक्ट हो जाता है। जहां आमजन को व्यक्तिगत जानकारी देने या भुगतान करने के लिए कहा जाता है। एडवाइजरी के अनुसार ऐसे संदेश मिलने पर इस प्रकार के लिंक का उपयोग न करें।


