भास्कर न्यूज | दंतेवाड़ा साइबर क्राइम के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 300 से अधिक बैंक खातों का एनालिसिस कर आरोपी को राजस्थान के बाड़मेर जिले से गिरफ्तार किया है। मिली जानकारी के मुताबिक 19 जनवरी को प्रार्थी ने थाना में आकर एक लिखित आवेदन पेश किया कि 7 एवं 8 फरवरी के मध्य मोबाइल धारक एवं विभिन्न बैंक खाता धारकों के द्वारा प्रार्थी से ब्लैक रॉक इंडियन बिजनेस स्कूल के नाम पर कुल 1354963 रुपए की धोखाधड़ी की गई है। रिपोर्ट पर बचेली में थाना अपराध पंजीबद्ध कर एसपी गौरव राय के दिशानिर्देश पर टीम बनाई गई, मोबाइल नंबरों के लोकेशन एवं विभिन्न बैंकों के 300 खातों की जांच कर ट्रांजेक्शन की जानकारी के आधार पर वरिष्ठ अधिकारियों से अनुमति के बाद आरोपियों की पतासाजी के लिए बचेली पुलिस टीम थाना प्रभारी निरीक्षक मधुनाथ ध्रुव और टीम 18 मार्च को दीगर प्रांत जयपुर, बाड़मेर, जैसलमेर राजस्थान रवाना होकर टेक्निकल इंटेलिजेंस के आधार पर आरोपी मुकेश गर उम्र 30 वर्ष निवासी नांद शिव भाखरी थाना बाड़मेर ग्रामीण जिला बाड़मेर (राजस्थान) को घेराबंदी कर पकड़ा गया। आरोपी के घर की तलाशी लेने पर आरोपी के कब्जे से बैंक का पासबुक, चेकबुक, एटीएम, आधारकार्ड, पेन कार्ड, मोबाइल एवं नगद 145000 रुपये जब्त किया गया। आरोपी के विरूद्ध पर्याप्त साक्ष्य पाये जाने से 21 मार्च को गिरफ्तार कर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट न्यायालय शिव जिला बाड़मेर राजस्थान से ट्रांजिट रिमांड प्राप्त कर न्यायालय बचेली के समक्ष प्रस्तुत कर रिमांड लिया गया है। पुलिस द्वारा जनसंपर्क कर मोबाइल सायबर क्राइम संबंधी नॉन बैकिंग फ्रॉड्स, सायबर ठगी पार्ट टाईम-जॉब धोखाधड़ी, मोबाइल ओटीपी लिंक शेयर न करने इत्यादि सायबर क्राइम से बचने जानकारी दी जा रही है। इसके अलावा किसी प्रकार का फ्राड होने पर तत्काल सायबर हेल्प लाइन पर काल करें। {7 नग बैंक पासबुक {4 नग बैंक चेकबुक {9 नग एटीएम कार्ड {1 नग किसान कार्ड {6 नग पेन कार्ड, {7 नग आधार कार्ड, {1 नग ड्राइविंग लायसेंस, {1 नग आरसी बुक, मोबाइल एवं नगद 145000 रुपये


