सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर और यू-ट्यूबर को निशान बनाकर ठग मोटी कमाई कर रहे हैं। सोशल मीडिया और यू-ट्यूब में जिनके फालोअर्स ज्यादा हैं, उनको मैलवेयर भेजकर टारगेट कर रहे हैं। उनका यू-ट्यूब या सोशल मीडिया अकाउंट हैक कर रहे हैं। फिर उसमें खुद की क्रिप्टो करेंसी, गैंबलिंग एप और बेटिंग एप का प्रमोशन कर रहे हैं। क्योंकि इनका प्रमोशन गैर कानूनी है। इसलिए ज्यादा फालोअर्स वालों के अकाउंट से ऐसे एप का प्रमोशन कर ज्यादा लोगों तक पहुंच रहे हैं। इस प्रमोशन के लिए ठगों को मोटी रकम दी जा रही है। भारत ही नहीं बल्कि दुनियाभर में बड़े इंफ्लुएंसर्स और यू-ट्यूबर्स के अकाउंट हैक किए जा रहे हैं। सोशल मीडिया में बेच रहे
हैकर्स ज्यादा फालोअर्स वाले अकाउंट और यू-ट्यूब को हैक कर उसे सोशल मीडिया के माध्यम से बेच रहे हैं। क्योंकि आज के समय में फालोअर्स व सब्सक्राइबर बढ़ाने में बहुत समय लगता है। ठग इसकी का फायदा उठा रहे हैं। ऐसे लोगों का अकाउंट हैक कर 5-10 लाख रुपए में बेच रहे हैं। खरीददार को पता ही नहीं होता कि वह हैक किया हुआ अकाउंट खरीद रहा है। हैकिंग फ्री करने ले रहे पैसे
हैकर्स जिनका अकाउंट हैक कर रहे हैं, उनसे मोटा पैसा वसूल रहे हैं। जीमेल, फेसबुक, एक्स अकाउंट, इंटाग्राम और यू-ट्यूब को पहले हैक कर रहे हैं। फिर अकाउंट होल्डर और इंफ्लुएंसर से सौदेबाजी करते हैं। पैसा लेने के बाद अकाउंट को फ्री कर रहे हैं। मैलवेयर भेजकर कारोबारियों और फोटोग्राफरों को भी निशाना बनाया जा रहा है। सुरक्षा उपायों का पालन करें
साइबर क्रिमिनल लगातार अपना तरीका बदल रहे हैं। मैलवेयर से अटैक कर अकाउंट को हैक कर रहे हैं। अकाउंट को हैकर्स से फ्री करना आसान नहीं है, क्योंकि ठगों के साथ प्रोफेशनल हैकर्स काम कर रहे हैं। – संजय सिंह, डीएसपी क्राइम एंड साइबर सेल भास्कर एक्सपर्ट – ठगों के निशाने पर इंफ्लुएंसर्स सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर को साइबर क्रिमिनल लगातार निशाना बना रहे हैं। इसमें प्रोफेशन हैकर्स की मदद ले रहे हैं। हैकर्स ऐसे इंफ्लुएंसर को टारगेट कर रहे हैं, जिनके फालोअर्स ज्यादा हैं। इसके लिए मैलवेयर का उपयोग कर रहे हैं। यह ऐसा सॉफ्टवेयर है, जो बिना हमारी जानकारी के हमारे कंप्यूटर, मोबाइल, लैपटॉप, टेबलेट आदि में प्रवेश कर जाता है। फिर हमारे डेटा की चोरी कर लेता है। ऐसे लिंक या वेबसाइट की जांच की जा सकती है। www.virustotal.com में जाकर ऐसे लिंक की जांच करें कि यह फर्जी तो नहीं है। इसमें वायरस तो नहीं है। अकाउंट होल्डर या इंफ्लुएंसर को अपना अकाउंट सुरक्षित रखने के लिए उसमें दिए सुरक्षा के उपायों का पालन करना चाहिए।
-मुकेश चौधरी, भास्कर साइबर एक्सपर्ट राजधानी के डॉक्टर और कारोबारी का जीमेल और यू-ट्यूब ठगों ने किया हैक, क्योंकि फॉलोअर्स ज्यादा, साइबर सेल कर रही जांच राजधानी के एक कारोबारी और डॉक्टर का जीमेल अकाउंट, यू-ट्यूबर चैनल और सोशल मीडिया अकाउंट ठगों हैक कर लिया है। वे न तो इसका उपयोग कर पा रहे हैं न ही अपना डेटा नहीं ले पा रहे हैं। इन्होंने आईटी एक्सपर्ट की भी मदद ली लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ। इसके बाद इन्होंने डीडी नगर थाने और साइबर सेल में शिकायत की है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस का दावा है कि ठगों ने मैलवेयर का उपयोग किया है। इसी के माध्यम से अकाउंट को हैक कर लिया गया है। अब उसका दुरुपयोग कर रहे हैं। पुलिस ने बताया कि डॉ. शशिकांत वर्मा रिम्स में हैं। उनका जीमेल अकाउंट और यू-ट्यूब चैनल किसी ने हैक कर लिया है। मेल में कई महत्वपूर्ण जानकारियां हैं। एक कारोबारी व सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर ने भी शिकायत की है। इसकी भी जांच पुलिस कर रही है।


