साइबर फ्रॉड के दो और आरोपी भोपाल से गिरफ्तार:सीबीआई अधिकारी बन कर ठगे थे एक करोड़ से ज्यादा रुपए

साइबर फ्रॉड के दो और आरोपियाों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी मध्यप्रदेश के भोपाल के रहने वाले हैं। श्रीगंगानगर पुलिस के पहुंचने से पहले ही साइबर अपराध के मामले में हरियाणा की सोनीपत पुलिस उन्हें गिरफ्तार कर ले गई। ऐसे में श्रीगंगानगर पुलिस उन्हें सोनीपत से पकड़ कर लाई। आरोपियों ने फर्म के नाम से खाता खुलवा रखा था और इनमें पांच करोड़ से ज्यादा के लेनदेन हो चुके हैं। इनके खिलाफ राजस्थान के अलावा महाराष्ट्र, हरियाणा, गुजरात और तेलंगाना में भी साइबर अपराध की शिकायतें हैं।

16 नवंबर को गांव 22 एमएल की जसविंद्र कौर पत्नी सोहनसिंह जटसिख ने दी रिपोर्ट में साइबर पुलिस को बताया कि उसके पति सोहन सिंह के फोन पर कॉल आई। वीडियो कॉल में कॉल करने वाले ने खुद को सीबीआई अधिकारी बताया और कहा कि उसके खाते में गलत तरीके से रुपए जमा हुए हैं। इसका मुकदमा दिल्ली में दर्ज है। आरोपी ने कहा कि इस मामले में सोहनसिंह को जेल हाेगी। धमकाकर आरोपी ने उसे एक खाता नंबर दिया और मुकदमा खत्म करने की एवज में इस खाते में एक करोड़ पांच लाख 59 हजार 960 रुपए जमा करवा लिए।

जांच में पुलिस को इस मामले के तार मध्यप्रदेश के भोपाल से जुूड़े होने का पता लगा तो वहां श्रीगंगानगर पुलिस पहुंची। वहां पुलिस को संदिग्ध खाताधारक पीयूष नायक पुत्र सुजीत नायक और ईशान बघेल पुत्र मदन बघेल के होने का पता चला। दोनों सिवनी जिले के रहने वाले हैं और अभी भोपाल में रहते हैं। उनकी तलाश की तो पता लगा कि साइबर फ्रॉड के मामले में दो दिन पहले उन्हें हरियाणा की सोनीपत पुलिस पकड़कर ले जा चुकी है। इस पर उन्हें सोनीपत से श्रीगंगानगर पुलिस ले आई।

इन आरोपियों ने फर्म के नाम से खाता खुलवाया और इसमें राजस्थान के अलावा महाराष्ट्र, हरियाणा, गुजरात, तेलंगाना की दस शिकायतों के 5 करोड़ 5 लाख 95 हजार 337 रुपए का लेनदेन होना पाया गया। इसमें श्रीगंगानगर के मामले के एक करोड़ 5 लाख 59 हजार 960 रुपए का लेनदेन शामिल है। पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार कर ले आई है । उनसे पूछताछ की जा रही है। इस मामले में पुलिस ने पहले भी तीन आरोपी पकड़े हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *