भास्कर न्यूज | लुधियाना स्थानीय साउंड एंड डीजे एसोसिएशन ने प्रधान विजय ग्रोवर की अध्यक्षता में बैठक की। इस दौरान उद्योग के समक्ष आ रही सुरक्षा चुनौतियों पर गंभीर चर्चा की गई। बैठक में चेयरमैन गुरमीत सिंह किट्टू ने कहा कि वर्तमान परिवेश में डीजे संचालन का कार्य जोखिम भरा होता जा रहा है। शादी-समारोहों में नशे में धुत युवकों द्वारा स्टाफ के साथ बदसलूकी और मारपीट की घटनाएं बढ़ रही हैं। उन्होंने चिंता जताते हुए कहा कि होटलों और पैलेस में तैनात बाउंसर भी इन अराजक तत्वों को रोकने में अक्सर असमर्थ साबित होते हैं। एसोसिएशन के पदाधिकारियों दिनेश कालरा, दीपक चोपड़ा, नरेंद्र सूद और लक्की मल्होत्रा ने पंजाब सरकार और पुलिस प्रशासन से मांग की है कि रात के समय गश्त बढ़ाई जाए। समारोह स्थलों पर सुरक्षा के कड़े मापदंड तय हों।


