सड़क दुर्घटना में मृत हुए व्यक्ति का पूरा परिवार खत्म होने के बराबर होता है। आपकी एक गलती परिवार से दूर कर सकती है। इसलिए वाहन चलाते समय यातायात के नियमों का पालन करें और हेलमेट व सील बेल्ट लगाकर रखें। यह बातें शुक्रवार को सड़क सुरक्षा के तहत सागर के ग्राम बम्होरी बीका में आयोजित ग्राम सभा में कलेक्टर संदीप जीआर ने कहीं। सड़क सुरक्षा के तहत सागर जिले में पहली बार विशेष ग्राम सभा का आयोजन किया गया है। कलेक्टर ने कहा कि यह विशेष ग्राम सभा आपके जीवन के लिए महत्वपूर्ण है, क्योंकि जब वाहन दुर्घटना होती है तो उसमें व्यक्ति घायल या मृत होता है और जब व्यक्ति मृत होता है तो उसके परिवार पर अत्यंत बज्राघाट होता है। क्योंकि वही व्यक्ति उस परिवार का मुखिया होता है और जब मुखिया चला जाता है तो घर का चलना बड़ा कठिन रहता है। इसलिए सड़क पर चलते समय पूरे यातायात के नियमों का पालन करें। 6-9 और 2 से 5 बजे तक गाड़ी चलाने से बचें
उन्होंने कहा कि प्राय: देखा जाता है कि ग्राम सभा में अनेक बिंदु होते हैं। लेकिन इस विशेष ग्राम सभा में केवल सड़क सुरक्षा के संबंध में बात की जा रही है। उन्होंने कहा कि आपने धूम फिल्म देखी होगी, उसमें बाइकर पूरे यातायात के नियमों का पालन करता है और सभी हेलमेट सहित अन्य सुरक्षा उपकरण धारण किए रहते हैं। आप भी हेलमेट और सीट बेल्ट लगाकर वाहन चलाएं। उन्होंने कहा कि शाम को 6 से 9 बजे तक और रात में 2 से 5 बजे तक के बीच गाड़ी चलाने से बचें, क्योंकि इस समय में दुर्घटनाएं ज्यादा होती हैं। कलेक्टर ने कहा कि 2 मिनट की जल्दबाजी आपके परिवार से आपको दूर कर सकती है। आप जल्दबाजी न करें। उन्होंने सभी सड़क निर्माण एजेंसी के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सड़क निर्माण से पूर्व सभी जगह आवश्यक बेरीकेटिंग करें और संकेतक लगाएं। जिससे कि कहीं भी दुर्घटना न हो। रात में सफर करने से बचें
एसपी विकास शाहवाल ने कहा कि यह आप सभी चालान से न डरें। आपकी जान महत्वपूर्ण है। आपकी एक गलती आपके पूरे परिवार से दूर कर सकती है और आपका परिवार में रहना अत्यंत आवश्यक है। रात में चलने से हम सबको बचना चाहिए। आवश्यक होने पर ही सावधानी के साथ वाहन का संचालन करें। समय-समय पर गाड़ी की जांच भी कराएं और आवश्यक उपकरण जो लगे हैं, उनको हमेशा लगे रहने दें। उन्होंने कहा कि हमेशा गाड़ी अपनी लाइन पर ही चलाएं, जल्दबाजी न करें। विशेष ग्राम सभा के दौरान बुंदेली भाषा में सड़क सुरक्षा के संबंध में शपथ दिलाई गई। सड़क सुरक्षा मित्र को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। विशेष ग्राम सभा में मौजूद ट्रैक्टर-ट्राली, टैंकर पर रेडियम की पट्टी भी लगाई गईं। नि:शुल्क हेलमेट का वितरण किया गया।


