नगर के वार्ड-1 स्थित दुदेरा मोहल्ले में शनिवार को पारिवारिक विवाद के बाद पति-पत्नी ने आत्महत्या कर ली। जालम कुशवाहा के छोटे बेटे चिंतामन कुशवाहा (24) ने घर में फांसी लगाकर जान दे दी। पति का शव देख पत्नी मीरा कुशवाहा (22) सदमे में आ गई और घर से करीब 30 मीटर दूर स्थित कुएं में छलांग लगा दी, जिससे उसकी भी मौत हो गई। दंपती का तीन माह का एक बेटा है। बताया जा रहा है कि 10 दिन पहले ही पत्नी मायके से ससुराल लौटी थी। सूचना पर लिधौरा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने पति का शव फंदे से उतारा और ग्रामीणों की मदद से खटिया डालकर कुएं से पत्नी का शव बाहर निकलवाया। पंचनामा बनाकर दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जतारा भेजा गया। चिंतामन चाट का ठेला लगाकर परिवार का पालन-पोषण करता था। पुलिस मामले की जांच कर रही है। मां ने भी जहर खाकर दी थी जान : स्थानीय लोगों के अनुसार चिंतामन की मां ने भी कुछ समय पहले जहर खाकर आत्महत्या की थी। घटना के बाद तीन माह का बच्चा बेसहारा हो गया है, जिसकी देखरेख परिजन कर रहे हैं।


