सागर के बरियाघाट स्थित एक मंदिर में शनिवार दोपहर एक पक्ष के कुछ युवकों ने तोड़फोड़ कर दी। इसके बाद उनको रोकने गए दूसरे पक्ष के तीन लोगों से मारपीट के बाद दो पक्ष आमने-सामने आ गए। विवाद इतना बढ़ा कि सराफा बाजार बंद हो गया और बड़ी संख्या में लोग एकत्र होकर कोतवाली के सामने प्रदर्शन करने पहुंच गए। प्रदर्शनकारी मंदिर में तोड़फोड़ करने वालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की मांग करने लगे। पुलिस व प्रशासन के अधिकारी उनकी मांगों को लेकर चर्चा कर ही रहे थे। इस दौरान सड़क जाम करके लोग नारेबाजी करने लगे। कुछ देर प्रदर्शन चलने के बाद दूसरे पक्ष के लोग महिलाओं के साथ आकर प्रदर्शन करने लगे। पुलिस ने बेरीकेड्स लगाकर दोनों पक्षों के सीधे टकराव को रोक दिया। पुलिस ने मामले में 50 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। प्रदर्शन रात आठ बजे तक चलता रहा।


