सागर के हिलगन गांव के पास मिला बाघ का शव:जंगल में पड़ा 8 वर्षीय मादा का शव; शरीर पर नहीं मिले चोटों के निशान

सागर जिले के दक्षिण वन परिक्षेत्र की ढाना रेंज अंतर्गत हिलगन गांव के पास रविवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब ग्रामीणों ने जंगल में एक बाघ का शव पड़ा देखा। मृत बाघ को देखकर ग्रामीणों ने तुरंत वन विभाग को सूचना दी, जिसके बाद ढाना रेंज के अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की गई। सूचना मिलते ही वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। बाघ के शव के आसपास सुरक्षा घेरा बनाया गया है। टीम द्वारा पंचनामा कार्रवाई की जा रही है और विटनरी डॉक्टरों की टीम को भी मौके पर बुलाया गया है। प्राथमिक जांच में नहीं मिले चोट के निशान
वन विभाग के अनुसार प्राथमिक जांच में मृत बाघ के शरीर पर किसी तरह की बाहरी चोट या संघर्ष के निशान नहीं पाए गए हैं। ऐसे में बाघ की मौत को लेकर रहस्य बना हुआ है। फिलहाल मौत के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। ढाना रेंजर प्रतीक श्रीवास्तव ने बताया कि मृत बाघ की उम्र करीब 8 से 10 वर्ष है और वह मादा है। बाघ का शव हिलगन गांव के पास जंगल क्षेत्र में मिला है। पोस्टमार्टम से खुलेगा मौत का कारण
वन विभाग ने बताया कि बाघ के शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। बाघ की मौजूदगी भी जांच के दायरे में
वन विभाग इस बात की भी जांच कर रहा है कि बाघ किस क्षेत्र से यहां पहुंचा और लंबे समय से इस इलाके में था या नहीं। आसपास के जंगल क्षेत्रों से उसके मूवमेंट को लेकर भी जानकारी जुटाई जा रही है। बिना किसी स्पष्ट चोट के बाघ की मौत ने वन विभाग और वन्यजीव विशेषज्ञों की चिंता बढ़ा दी है, वहीं क्षेत्र में वन्यजीवों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े हो गए हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *