सागर के कटरा बाजार और माता मढ़िया क्षेत्र में हुई चाकूबाजी की घटनाओं के विरोध में सोमवार को सर्वदलीय नागरिक संघर्ष मोर्चा ने आईजी कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शनकारियों ने शहर में बढ़ते अपराध पर चिंता जताते हुए चाकूबाजी करने वाले आरोपियों के खिलाफ रासुका जैसी सख्त कार्रवाई की मांग की। इस दौरान लोसपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष रघु ठाकुर ने कहा कि सागर सहित पूरे प्रदेश में कानून व्यवस्था की स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस का अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण नहीं रह गया है, जिससे आम जनता असुरक्षित महसूस कर रही है। उनका कहना था कि पुलिस प्रशासन की लापरवाही के कारण अपराधियों के हौसले बढ़े हुए हैं। रघु ठाकुर ने शहर में लगातार हो रही चाकूबाजी और कटरबाजी की घटनाओं को गंभीर बताते हुए दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि पुलिस और प्रशासन ने जल्द ठोस कदम नहीं उठाए, तो नागरिक संघर्ष मोर्चा आने वाले दिनों में चरणबद्ध आंदोलन करेगा। प्रदर्शन के दौरान पूर्व विधायक सुनील जैन, शिवसेना नेता पप्पू तिवारी, सिंटू कटारे सहित व्यापारी, सामाजिक कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में शहरवासी मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में शहर में शांति व्यवस्था बहाल करने और अपराधियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की।


