सागर शहर में लगे स्मार्ट सिटी के सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग बंद है। इसका खुलासा तब हुआ जब एक महिला का पर्स ऑटो में चोरी हो गया। महिला जब फुटेज देखने कंट्रोल रूम पहुंची, तो पता चला कि कैमरे तो चालू हैं, लेकिन सर्वर खराब होने से रिकॉर्डिंग नहीं हो रही। गोपालगंज थाने में दी गई शिकायत में पीड़ित महिला ने बताया कि वह अपनी मां के साथ मॉल से खरीदारी कर लौट रही थी। रास्ते में एक ग्रामीण परिवेश की महिला, साथ में 9-10 साल की बच्ची को लिए उसी ऑटो में बैठी पहले उसने पीली कोठी उतरने कहा, फिर पीटीसी ग्राउंड और उसके बाद झंडा चौक स्थित देवी मंदिर के पास उतर गई। महिला का आरोप है कि संदिग्ध महिला ऑटो में सीट बदलकर उसकी मां के बिल्कुल पास बैठ गई, जबकि उसने दूसरी तरफ से आकर बैठने की कोशिश की थी। इसी दौरान उसकी मां का पर्स चोरी हो गया। कंट्रोल रूम पहुंचे तो पता चला रिकॉर्डिंग बंद चोरी का पता चलने के बाद महिलाएं फुटेज देखने स्मार्ट सिटी कंट्रोल रूम और स्मार्ट सिटी ऑफिस पहुंचीं। दोनों जगह कर्मचारियों ने बताया कि सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग बंद है और 15 दिन से कोई वीडियो सेव नहीं हुआ है। सर्वर में दिक्कत की बात सामने आई स्मार्ट सिटी कंट्रोल कमांड सेंटर के प्रभारी अनिल शर्मा ने कहा कि कैमरे चालू हैं, लेकिन सर्वर में समस्या आने के कारण रिकॉर्डिंग नहीं हो रही। सुधार कार्य जारी है। इस मामले ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था और स्मार्ट सिटी परियोजना की वास्तविक स्थिति पर सवाल खड़े कर दिए हैं। कैमरों के सहारे अपराधियों की पहचान और ट्रैफिक उल्लंघन की निगरानी की उम्मीद की जाती है, लेकिन रिकॉर्डिंग बंद होने से पूरा सिस्टम प्रभावित है।


