सागर जिले में शासकीय विद्यालयों में कार्यरत लोकसेवकों को ई-अटेंडेंस लगाए जाने के संबंध में बार-बार निर्देशित किया जा रहा है। शैक्षणिक अमला समय पर विद्यालयों में उपस्थित हो इसके लिए लगातार स्कूलों का निरीक्षण किया जा रहा है। निरीक्षण में स्कूल में अनियमितताएं मिलने और अनुपस्थित शिक्षकों पर कार्रवाई की जा रही है। इसी के तहत जिला शिक्षा अधिकारी अरविंद जैन ने विकासखंड शाहगढ़ और बंडा में शासकीय उच्चतर माध्यमिक गूगरा खुर्द, शासकीय एकीकृत माध्यमिक शाला सेमरा रामचन्द्र, शासकीय माध्यमिक शाला जगथर, शासकीय प्राथमिक शाला बिजरी और शासकीय एकीकृत माध्यमिक शाला कांटी का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण में शासकीय उच्चतर माध्यमिक गूगरा खुर्द में विद्यालय में प्रार्थना होती हुई पाई गई। इस दौरान कार्यरत शिक्षक अरविंद जैन उच्च माध्यमिक शिक्षक, डॉ. कीर्ति तिवारी उच्च माध्यमिक शिक्षक, रश्मि चतुर्वेदी अतिथि शिक्षक, प्रतिभा दुबे अतिथि शिक्षक, अशोक गौतम अतिथि शिक्षक, देवी अहिरवार अतिथि शिक्षक, गौरव लोधी अतिथि शिक्षक, भूपेन्द्र वर्मा अतिथि शिक्षक और रीना लोधी अतिथि शिक्षक अनुपस्थित थीं। अनुपस्थित शिक्षकों की रोकी वेतन वृद्धि शासकीय एकीकृत माध्यमिक शाला सेमरा रामचन्द्र निरीक्षण के दौरान विद्यालय में कार्यरत लता गोस्वामी प्राथमिक शिक्षक अनुपस्थित पाई गई। विद्यालय में छात्र-छात्राएं उपस्थित नहीं पाए गए। जिसके चलते प्रभारी प्रधानाध्यापक को कारण बताओ सूचना पत्र जारी किया गया। शासकीय माध्यमिक शाला जगथर निरीक्षण के दौरान विद्यालय में कार्यरत राजकुमार घोषी प्राथमिक शिक्षक अनुपस्थित पाए गए और सचिन कुमार जैन अतिथि शिक्षक, मधुर कुमार जैन अतिथि शिक्षक विद्यालय में उपस्थित पाए गए। लेकिन उपस्थिति पंजी में हस्ताक्षर नहीं पाए गए। शासकीय प्राथमिक शाला बिजरी निरीक्षण के दौरान विद्यालय में कार्यरत सुनीता तिवारी प्रभारी प्रधानाध्यापक, राजबहादुर सिंह ठाकुर प्राथमिक शिक्षक, कल्याण प्रसाद साहू प्राथमिक शिक्षक अनुपस्थित पाए गए। छात्र-छात्राएं विद्यालय मैदान में घूमते हुए मिले। जिससे कि तीनों अनुपस्थित शिक्षकों का एक दिन का वेतन काटने और एक वेतन वृद्धि असंचयी प्रभाव से रोके जाने की कार्रवाई की गई। विद्यालय परिसर में मिले पशु
इसी दौरान शासकीय एकीकृत माध्यमिक शाला कांटी के निरीक्षण के दौरान विद्यालय संचालित पाया गया। विद्यालय में उपस्थित शिक्षकों द्वारा बताया गया कि विद्यालय का पुराना भवन जर्जर हो जाने के कारण गिरा दिया गया है। जिससे विद्यालय दो पालियों में लगाया जा रहा है। विद्यालय परिसर में पशु विचरण करते पाए गए और गंदगी पाई गई। जिस कारण विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक हर्ष खरे माध्यमिक शिक्षक और मंतराम अहिरवार विकासखंड स्त्रोत समन्वयक जनपद शिक्षा केंद्र बंडा को कारण बताओ सूचना पत्र जारी किया गया। विद्यालय को एक पाली में संचालित किय जाने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा अन्य विद्यालयों को निरीक्षण किया गया। अनियमितताएं मिलने पर कार्रवाई की गई।


