डूंगरपुर के धम्बोला थाना क्षेत्र में बांसिया गांव के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को डूंगरपुर अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। फिलहाल पुलिस घटना को लेकर जांच कर रही है। धंबोला थाना पुलिस के अनुसार देवगांव निवासी रणछोड़ लाल कटारा (30) ओर भूरा सवा कटारा दोनों की कल शुक्रवार को सागवाड़ा आए थे। देर रात को दोनों बाइक लेकर वापस अपने घर जा रहे थे। सागवाड़ा से चाड़ोली रोड पर बांसिया पंचायत के पास आते ही एक अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार रणछोड़लाल और भूरा दोनों के हाथ, पैर और सिर में गंभीर चोटें आई। दोनों घायलों को गंभीर हालत में एम्बुलेंस से सीमलवाड़ा अस्पताल लेकर पहुंचे। डॉक्टर ने जांच के बाद रणछोड़ लाल को मृत घोषित कर दिया। जबकि घायल भूरा की हालत गंभीर होने पर उसके डूंगरपुर के लिए रेफर कर दिया। सूचना पर धंबोला थाना पुलिस मौके पर पहुंची। शव को अस्पताल के मॉर्च्युरी में रखवाया गया है। वहीं, पुलिस की ओर से पोस्टमॉर्टम की कार्रवाई की जा रही है। परिजन अज्ञात वाहन चालक की तलाश कर रही है।


