जोधपुर में 3 दिन पहले हुई साध्वी प्रेम बाईसा की मौत के मामले पर पूर्व डिप्टी सीएम सचिन पायलट ने कहा- सरकार को इस मामले में कुछ भी छिपाने की कोशिश नहीं करनी चाहिए। इसकी खुली और पारदर्शी जांच होनी चाहिए। जो भी दोषी पाया जाए या जिसके खिलाफ भी प्रमाण मिलें, उस पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
सचिन पायलट रविवार को उदयपुर दौरे पर है। पायलट सुबह करीब 8 बजे उदयपुर के डबोक एयरपोर्ट पहुंचे, जिसके बाद वे उदयपुर के भुवाणा क्षेत्र में पीसीसी मेंबर दुर्गासिंह राठौड़ के पिता के निधन पर शोक जताने उनके घर पहुंचे। यहां से पायलट राजसमंद के नाथद्वारा के लिए रवाना हो गए। जहां वे कांग्रेस नेता देवकीनंदन गुर्जर के घर शोक जताने पहुंचेंगे। बजट केवल गुणा-भाग का खाता नहीं होता पूर्व डिप्टी सीएम पायलट ने केंद्र सरकार के आगामी बजट पर भी अपनी प्रतिक्रिया दी। पायलट ने कहा- बजट केवल गुणा-भाग का खाता नहीं होता, बल्कि यह किसी भी सरकार की मंशा जाहिर करने का जरिया होता है। इतने सालों से सत्ता में रहने के बावजूद भाजपा सरकार का ध्यान उन मुद्दों पर केंद्रित है जो धरातल पर प्रभावी ही नहीं हैं। अब गांवों में क्या काम होगा, यह भी दिल्ली से थोपा जा रहा है। केंद्र सरकार निर्णय लेने की शक्ति खत्म कर राज्य सरकारों पर अतिरिक्त बोझ डाल रही है केंद्र सरकार ने जिद के साथ तीन काले कानून बनाए थे, जिन्हें आखिरकार वापस लेना पड़ा। अब नरेगा से भी महात्मा गांधी जी का नाम हटाया गया है। पायलट ने उम्मीद जताई कि सरकार नौजवानों की बेरोजगारी दूर करने पर काम करेगी और मध्यम वर्ग को राहत देने वाले वे कदम उठाएगी जो अब तक नहीं उठाए गए हैं, क्योंकि देश के आम लोग आज भी सरकार की योजनाओं से सीधे तौर पर प्रभावित होते हैं।


