सामान लेने पहुंचे पति को पत्नी सास और साले ने मिलकर पीटा

भास्कर न्यूज |लुधियाना लुधियाना के हैबोवाल इलाके की जीनत कॉलोनी में घरेलू विवाद उस समय हिंसक हो गया, जब पत्नी ने अपनी मां और अन्य रिश्तेदारों के साथ मिलकर पति पर हमला कर दिया। हमले में पति गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूचना मिलने पर थाना हैबोवाल की पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घायल की पहचान जीनत कॉलोनी निवासी मुस्ताक रजा के रूप में हुई है। मुस्ताक ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि घरेलू विवाद के चलते उसकी पत्नी नेहा नाराज होकर मायके चली गई थी। वह किराए के मकान में अकेला रह रहा था। मकान मालिक की सहमति से वह अपना सामान लेने कमरे पर पहुंचा, जहां ताला लगा हुआ था। ताला खुलवाकर उसने अपना सामान उठा लिया और पत्नी का सामान वहीं छोड़ दिया। मुस्ताक के अनुसार, इसी दौरान उसकी पत्नी नेहा अपनी मां राधा, साले अरुण और अन्य रिश्तेदारों के साथ मौके पर पहुंच गई। आरोप है कि सभी ने पहले गाली-गलौच की और फिर अचानक उस पर हमला कर दिया। मारपीट में मुस्ताक के हाथों की उंगलियों को गंभीर चोटें आईं। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव किया, जिसके बाद आरोपी वहां से फरार हो गए। घायल को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। पुलिस ने मुस्ताक रजा के बयान पर उसकी पत्नी नेहा, सास राधा, साले अरुण और चार अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। इस संबंध में सब-इंस्पेक्टर मख्खन सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *