सायरन से लोग बेपरवाह, राशन से सिलेंडर-पेट्रोल तक के लिए लाइनें, एयरपोर्ट 10 तक तो स्कूल-कॉलेज आज बंद

भास्कर टीम | अमृतसर भारत की ओर से ऑपरेशन सिंदूर के तहत पाकिस्तान में आतंकी ठिकानों पर की गई एयर स्ट्राइक के बाद सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। एयरपोर्ट बंद कर दिया गया और उड़ाने रद्द कर दी गईं। एयरपोर्ट 10 मई तक बंद रहेगा। इसके अलावा स्कूल-कॉलेज भी बंद रहे जो वीरवार को भी नहीं खुलेंगे। वहीं प्रशासन की ओर से युद्ध की आपात स्थिति से निपटने के लिए मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। शाम 4 बजते ही शहर के 10 इलाकों में सायरन बजाया गया। मगर लोग सायरन से बेपरवाह दिखे। इसके अलावा शहर में रात 10.30 बजे ब्लैक आउट किया गया। 11 बजे बिजली चालू की गई। वहीं बुधवार सुबह जैसे ही लोगों को भारत की ओर से की गई एयर स्ट्राइक का पता चला तो पेट्रोल पंपों और राशन की दुकानों पर भीड़ जमा हो गई। लोग पेट्रोल, रसोई गैस और राशन के लिए लाइनों में लगे रहे। मजीठा रोड बाइपास खन्ना पेपर मिल के पास और लॉरेंस रोड स्थित डी मार्ट, शहर के बीचो-बीच स्थित ढाब वस्ती राम, चील मंडी, नमक मंडी आदि मार्केट में करियाना की दुकानों पर लोगों की भीड़ रही। दुकानदारों ने भी इसका फायदा उठाया और महंगे दामों पर राशन बेचा। 10 किलो की आटे की बोरी पर 40 से 50 रुपए अधिक वसूले गए। इतना ही नहीं दाल, मसाले, घी, तेल आदि भी महंगे दामों पर बेचे गए। सारा दिन यहीं स्थिति रही। हालात यह रहे कि 80 प्रतिशत दुकानों पर राशन ही खत्म हो गया। डिप्टी कमिश्नर साक्षी साहनी ने चेतावनी दी है कि जो लोग महंगे दामों पर राशन बेच रहे हैं उन पर सख्त कार्रवाई होगी। उन्होंने लोगों को कहा है कि जिन दुकानदारों ने महंगा राशन बेचा है, उसकी शिकायत दें, ताकि अगली कार्रवाई की जा सके। वहीं तरनतारन में भी प्रशासन की ओर से मॉक ड्रिल करवाई गई। वहीं आपात स्थिति को देखते हुए शिक्षा विभाग तरनतारन की ओर से सुरक्षा के मद्देनजर 11 मई तक छुट्टियां कर दी गई हैं| जिला शिक्षा अधिकारी सतनाम सिंह बाठ का कहना है कि विद्यार्थियों और उनके माता पिता की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है। वहीं तरनतारन में रात 9 से 9.30 बजे तक ब्लैक आउट किया गया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *