सायरा पंचायत समिति में उप प्रधान चुनावो में भाजपा ने अपना उप प्रधान बनाया। यहां पर पूर्व में उप प्रधान का कांग्रेस का था। आज हुए उप प्रधान के चुनाव में यहां पर भाजपा के सोहन सिंह कुम्भावत को 9 मत प्राप्त हुए जबकि कांग्रेस के विक्रम सिंह को 6 मत ही प्राप्त हुए। कार्यकर्ताओं ने सायरा उप प्रधान भाजपा का बनते ही विधायक प्रताप लाल गमेती और भाजपा देहात जिलाध्यक्ष पुष्कर तेली को मालाओं से लाद दिया। कार्यकर्ताओ को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष पुष्कर तेली ने कहा कि आने वाले पंचायती राज चुनावो में गोगुंदा के हर बूथ ओर हर पंचायत से कमल खिलाने का संकल्प लेकर कार्यकर्ता अभी से जुट जाए। उल्लेखनीय है कि वार्ड संख्या 13 के पंचायत समिति सदस्य बरवाड़ा निवासी कांग्रेस के भारत सिंह बारहठ का एक सड़क हादसे में निधन हो गया था और वार्ड रिक्त हो गया। उस समय भारत सिंह ही उप प्रधान थे। पिछले दिनों वार्ड के उप चुनाव हुए थे जिसमें कांग्रेस प्रत्याशी विक्रम सिंह बारहठ ने भाजपा के बालू सिंह को हराया और आज उप प्रधान के चुनाव हुए।


