रांची | शहर के मंदिरों में श्री हनुमानजी का जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा। 12 अप्रैल को हनुमान जयंती है। मंदिरों को भव्य रूप से सजाया जाएगा। विधिवत पूजा-अर्चना होगी। हनुमान चालीसा और सुंदरकांड पाठ किया जाएगा। झांकियां निकाली जाएंगी। पहाड़ी बाबा का हनुमान स्वरूप शृंगार होगा। विहिप हनुमान जयंती को बलोपासना दिवस के रूप में मनाएगी। मेन रोड संकट मोचन मंदिर में 24 घंटे का श्रीराम नाम का जाप किया जाएगा। श्री सालासर हनुमान मंडल द्वारा 12 अप्रैल को ब्राह्मण भवन के सालासर मंदिर में श्री हनुमान जन्मोत्सव मनाया जाएगा। सुबह 8 बजे से रात 10 बजे तक श्री हनुमान जन्मोत्सव पर नयनाभिराम झांकी, अखंड ज्योत, रस माधुरी श्रृंगार से सुसज्जित सालासर बालाजी के सान्निध्य में विभिन्न कार्यक्रम किए जाएंगे। प्रातः 9 बजे से 151 महिलाओं द्वारा सुंदरकांड पाठ किया जाएगा। महावीर चौक स्थित प्राचीन महावीर मंदिर में भगवान हनुमान का फूलों से भव्य शृंगार किया जाएगा। विधिवत पूजा कर भगवान को भोग लगाया जाएगा। भोग में चुरमा, बुंदिया, रोट और फल निवेदित किया जाएगा। शाम में आरती के बाद महावीर चौक पर सुंदरकांड का पाठ किया जाएगा। साथ ही शाम 7 बजे आरती के बाद महावीर मंडल के मुख्य झंडा को उतारा जाएगा। चुटिया स्थित प्राचीन श्रीराम मंदिर में गुरुवार से ही मंदिर को रंग-बिरंगी लाइटों और फूलों से सजाया जाएगा। मंदिर के सदस्य विजय कुमार साहू ने बताया कि हनुमान जंयती के दिन हनुमानजी को ताजे फलों से शृंगार किया जाएगा। मंदिर में सुंदरकांड और हनुमान चालीसा का पाठ किया जाएगा। साथ ही लड्डू और बुंदिया का भोग लगाया जाएगा। हिनू चौक स्थित श्री महावीर मंडल में हनुमान जयंती पर सुबह 5 बजे से नियमित पूजा शुरू होगी। सुंदरकांड और हनुमान चालीसा का पाठ किया जाएगा। मंदिर के सदस्य उदय झा ने बताया कि 11 अप्रैल को मंदिर में श्रीरामजी का छठी का आयोजन किया जाएगा। 501 किलों खीर का भोग लगाया जाएगा। मेनरोड स्थित संकट मोचन मंदिर में सुबह 5 से देर रात तक पूजा की जाएगी। पूरे मंदिर को सजाया जाएगा। इस दिन हनुमान जी का शृंगार फल और फूलों से किया जाएगा। सुंदरकांड और हनुमान चालीसा का पाठ किया जाएगा। पुजारी श्यामानंद ने बताया कि इस अवसर पर 24 घंटे का श्रीराम नाम का जाप किया जाएगा। पांच पुजारियों द्वारा पूजा संपन्न की जाएगी। दिन भर भोग का वितरण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि हनुमान जी और श्रीराम की छठी का आयोजन किया गया है।


