21 दिसंबर को आयोजित होने वाली वर्ष की अंतिम राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को रतनगढ़ न्यायालय परिसर में एक बैठक का आयोजन किया गया। यह बैठक तालुका विधिक सेवा समिति के अध्यक्ष सुरेंद्र कौशिक की अध्यक्षता में हुई। यह वर्ष की चौथी और अंतिम राष्ट्रीय लोक अदालत होगी। इसका मुख्य उद्देश्य अधिक से अधिक राजस्व मामलों का प्रभावी, त्वरित और सौहार्दपूर्ण तरीके से निस्तारण सुनिश्चित करना है। न्यायाधीश कौशिक ने निर्देश दिए कि ऐसे सभी मामले, जो आपसी सहमति से हल किए जा सकते हैं, उन्हें प्राथमिकता से लोक अदालत में प्रस्तुत किया जाए। उन्होंने जोर दिया कि लोक अदालत में ऐसे अधिक से अधिक मामलों का निपटारा किया जाए जो आपसी सहमति से सुलझ सकते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि विभिन्न सरकारी कार्यालयों में लंबित ऐसे मामले, जिन्हें राष्ट्रीय लोक अदालत में निपटाया जा सकता है, उनका पंजीकरण कर लोक अदालत में लाया जाए। इस अवसर पर एसडीएम मिथिलेश कुमार और तहसीलदार पूजा पारीक सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।


