भास्कर न्यूज | कवर्धा सावन के पहले सोमवार 14 जुलाई को भोरमदेव पदयात्रा का आयोजन भव्य रूप में होगा। यात्रा सुबह 7 बजे बूढ़ा महादेव मंदिर से शुरू होकर भोरमदेव मंदिर तक जाएगी। श्रद्धालुओं के लौटने के लिए निशुल्क बसें चलाई जाएगी। कलेक्टर गोपाल वर्मा की अध्यक्षता में जिला कार्यालय के सभाकक्ष में शनिवार को तैयारियों को लेकर बैठक हुई। इसमें भोरमदेव सनातन तीर्थ ट्रस्ट कबीरधाम के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, मीडिया प्रतिनिधि, सर्व अध्यक्ष क्लब, संघ और अधिकारी शामिल हुए। कलेक्टर ने कहा कि हर साल की तरह इस बार भी श्रद्धालु उत्साह से भाग लेंगे। कवर्धा और आसपास के लोग इस आयोजन को भव्य बनाएंगे। पूर्व वर्षों की तरह सभी सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी। नागरिकों से मिले सुझावों को भी लागू किया जाएगा। बैठक में विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने अपने सुझाव दिए। पार्किंग, पेयजल और चिकित्सा सुविधा रहेगी कलेक्टर ने सुरक्षा, पार्किंग, रास्ते की सफाई, स्वागत द्वार, पेयजल, शौचालयों की सफाई, चिकित्सा सुविधा, डीजे व्यवस्था और लौटने के लिए निशुल्क बसों की जिम्मेदारी संबंधित विभागों को सौंपी। ज्वाइंट हैंड, लायंस क्लब, जिला प्रेस क्लब ने निशुल्क भोजन, फल, चाय-बिस्कुट वितरण की जानकारी दी। मंदिर परिसर में लगाई जाएगी एलईडी टीवी कांवर यात्रा के दौरान दर्शनार्थियों को जलाभिषेक दर्शन की सुविधा देने के लिए भोरमदेव मंदिर परिसर में एलईडी टीवी लगाए जाएंगे। पदयात्रियों की वापसी के लिए निशुल्क बसों की व्यवस्था की जाएगी। कलेक्टर ने मंदिर परिसर में विशेष साफ-सफाई, रंग-रोगन और सजावट के निर्देश भी दिए गए हैं।


