सावन के पहले दिन श्रद्धालुओं ने की भगवान शिव की विशेष पूजा-अर्चना

भास्कर न्यूज | राजनांदगांव सावन का शुभारंभ होने के साथ भक्तों ने भगवान शिव की आराधना की। शुक्रवार को पहले दिन शिवालयों में भक्तों की भीड़ उमड़ी। भक्तों ने शिव लिंग पर जल अर्पण कर भगवान भोलेनाथ की विधि-विधान से पूजा अर्चना की। इस बार सावन में कुल चार सोमवार पड़ेंगे। इस बार 14 जुलाई को सावन का पहला सोमवार पड़ेगा। हर सोमवार को उज्जैन की तर्ज पर शहर में बाबा महाकाल की शोभायात्रा निकाली जाएगी। शहर के शिव मंदिरों में भगवान शिव की पूजा-अर्चना करने, भक्तों को सुविधा देने विशेष तैयारी की गई है। सावन के पहले दिन शुक्रवार मां पाताल भैरवी मंदिर में स्थित भगवान शिव की विशाल प्रतिमा सहित 12 ज्योर्तिलिंगो का दर्शन करने बड़ी संख्या में भक्त पहुंचे। शिवनाथ नदी तट पर स्थित शिव मंदिर, इंदिरा सरोवर स्थित शिव मंदिर, शीतला मंदिर के सामने विराजित भगवान शिव की आराधना करने, शांतिनगर के शिवधाम मंदिर के अलावा शहर के अन्य शिव मंदिरों में भक्तों ने शिव लिंग पर जल का अर्पण किया और विधि-विधान से पूजा अर्चना की। सावन के पहले सोमवार को शिव मंदिरों में भीड़ उमड़ेगी। वहीं धार्मिक अनुष्ठान किए जाएंगे। देवशयनी एकादशी 6 जुलाई के बाद मांगलिक कार्यों पर चार माह के लिए विराम लग चुका है। धार्मिक मान्यता के अनुसार भगवान विष्णु योग निंद्रा में चले गए। अब 1 नवंबर देवउठनी तुलसी विवाह से मांगलिक कार्य शुरू होंगे। लेकिन मंदिरों में धार्मिक अनुष्ठान संपन्न होंगे। भगवान विष्णु योग निंद्रा में जाने से पहले सावन के पावन माह में इस पूरी सृष्टि का कार्यभार भगवान शिव को सौंप देते है। गुरू पूर्णिमा पर्व 10 जुलाई को आषाढ़ माह की विदाई हुई। वहीं 11 जुलाई से सावन माह का शुभारंभ हुआ जो 11 अगस्त तक चलेगा। 14 जुलाई को नंदई हाट बाजार से निकलेगी यात्रा पहली यात्रा सावन के पहले सोमवार 14 जुलाई को नंदई हाट बाजार से निकल कर शहर का भ्रमण करेगी। दूसरी यात्रा 21 को क्लब चौक बसंतपुर से निकलेगी। तीसरी यात्रा 28 को शांति नगर से निकलेगी। चौथी यात्रा 4 अगस्त को मां शीतला मंदिर से निकलेगी। पांचवी यात्रा 11 को मोहड़ से निकलेगी। गौरी नगर से भी भव्य पालकी यात्रा निकल जाएगी। शिव भक्तों के द्वारा इसकी भव्य रूप से तैयारी की गई है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *