यदि धर्म संज्ञान हो जाए तो संकल्प विकल्प सभी धराशायी हो जाएंगे: वीरभद्र मुनिश्रीजी

भास्कर न्यूज | राजनांदगांव जैन उपाश्रय भवन में अपने नियमित प्रवचन में शुक्रवार को विनय कुशल मुनिश्रीजी के शिष्य वीरभद्र (विराग) मुनिश्रीजी ने यहां कहा कि सदा सुखी रहना तो आध्यात्म की ओर बढ़ना होगा। कहा कि आप अपनी सोयी चेतना को जगाने का प्रयास करें, आध्यात्मिक इच्छा शक्ति जागृत करें। सम्यक धारणा रखें और तत्वज्ञान रखें। मुनिश्रीजी ने कहा कि तत्वज्ञान यदि हो जाए तो सम्यक धारणा अपने आप आ जाएगी। 10 साल पहले आपने किसी को उधार दिया है, वह याद रहता है। किसी ने कटु वचन कहा है, वह याद रहता है किंतु पिछले चातुर्मास में मुनिश्री ने क्या कहा वह याद नहीं रहता। संकल्प विकल्प तभी तक है जब तक धर्म संज्ञान नहीं है, एक बार यदि धर्म संज्ञान हो जाए तो संकल्प विकल्प सभी धराशायी हो जाएंगे। आप अपने को पहचाने। आपके अंदर का जो चेहरा है, वही आपका वास्तविक चेहरा है। छोटी-छोटी भ्रांतियां दिमाग में बैठ जाती है तो व्यक्ति धर्म से चूकता जाता है। कहा कि भीतर की भ्रांतियां दूर करें और धर्म पथ पर बढ़ें। हिंसा हमेशा पाप नहीं होता, जिस हिंसा से स्वार्थ हटता है और परोपकार होता है, वह हिंसा नहीं रह जाता। जो राग है, वही पाप है। उन्होंने कहा कि हमें क्रियाओं का धर्म आ जाए तो कषाय मजबूत नहीं हो पाएंगे। हमने तत्व को नहीं समझा इसलिए हम वास्तविक आत्मज्ञान से वंचित है। अपने अंदर बदलाव लाएं तत्व समझ में आ जाएगा तो अंदर का विवेक जाग जाएगा। अंदर का विवेक जाग गया तो व्यक्ति को कर्म, पाप एवं पुण्य की समझ आ जाएगी, उसकी सारी कंफ्यूजन दूर हो जाएगी और वह सुखी हो जाएगा। कहा कि दरअसल हमने परमात्मा के तत्वों को समझा नहीं, यदि समझा होता तो जीवन में शांति होती। भीतर में कोई राग ना हो तभी व्यक्ति सुखी हो सकता है। अपने अंदर बदलाव लाएं। भीतर का अनासक्त भाव बाहर आ जाए तो भीतर शांति आ जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *