बांसवाड़ा शहर के राजतालाब थाना क्षेत्र के अगरपुरा कॉलोनी में 5 दिन पहले पारिवारिक विवाद में अपनी ही सास को गोली मारकर फरार हुए मुख्य आरोपी अजय भोई को शुक्रवार देर शाम पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाला ने बताया कि राज तालाब थाना पुलिस को सूचना मिली थी की मुख्य आरोपी रतलाम मार्ग पर स्थित पन बिजली घर के पास में छुपा हुआ है । इस पर पुलिस उसको पकड़ने गई। जिस पर आरोपी अजय भोई ने पुलिस टीम पर फायर किया। इसके बचाव में पुलिस द्वारा भी फायर किया गया जिससे आरोपी अजय के पैर में गोली लग गई। गोली लगने पर घायल हुए आरोपी अजय भोई को पुलिस द्वारा गिरफ्तार कर लिया गया है और उसका उपचार करने महात्मा गांधी हॉस्पिटल में लाया गया। यहां तत्काल डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ की टीम ने आरोपी के पैर से गोली निकाली। इस पूरे प्रकरण में घायल सास नंदा देवी ने दो दिन पहले ही उदयपुर में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। 25 दिसंबर को कॉलोनी के लोग सहित परिजनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कलेक्ट्रेट में विरोध प्रदर्शन भी किया था। लोगों का आक्रोश था कि घटना के इतने दिन बीत जाने के बाद भी आरोपी गिरफ्तार नहीं किए जा रहे हैं।


