छतरपुर में एक युवक की पत्नी अपने पिता और कुछ अन्य लोगों के साथ ससुराल पहुंची और सास-ससुर से मारपीट करने के बाद दहेज में मिली मोटरसाइकिल को दूसरी बाइक से बांधकर अपने साथ ले गई। घटना का वीडियो सामने आया है। मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र के नए चंद्रपुरा का है। रोशनी कुशवाहा की शादी लक्ष्मण कुशवाहा से 4 मार्च 2024 को हुई थी। शादी के बाद उनका दांपत्य जीवन लगभग 10 महीने चला। जानकारी के अनुसार, 27 दिसंबर 2024 को रोशनी का अपने सास-ससुर से विवाद हुआ। इसके बाद वह अपने पिता किशनलाल कुशवाहा के साथ कथित रूप से ससुराल से मायके चली गई थी। देखिए तस्वीरें 10 माह बाद ससुराल में फिर हंगामा
करीब 10 माह बाद, 2 जनवरी 2026 को रोशनी अपने पिता और कुछ अन्य लोगों के साथ मोटरसाइकिल पर ससुराल पहुंची। वहां उसने सास-ससुर के साथ मारपीट की और दहेज में मिली बाइक को बिना चाबी दूसरी बाइक से बांधकर अपने साथ ले गई। पति बोला- पत्नी और ससुराल से जान का खतरा
पीड़ित पति लक्ष्मण कुशवाहा ने सिविल लाइन थाने में शिकायत दर्ज कराई। उनका कहना है कि उन्हें पत्नी और ससुराल पक्ष से जान का खतरा है। लक्ष्मण ने बताया कि वह पत्नी के साथ रहना चाहते हैं, लेकिन ससुराल के लगातार हस्तक्षेप से दांपत्य जीवन में कलह बढ़ती गई। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।


