साहिबजादों को समर्पित नगर कीर्तन आज, भंडारी पुल से 11 बजे शुरुआत

भास्कर न्यूज | अमृतसर चार साहिबजादों की शहादत को समर्पित शहीदी मार्च मंगलवार सुबह 11 बजे भंडारी पुल से शुरू होगा। मार्च घी मंडी चौक स्थित बुर्ज अकाली फूला सिंह में संपन्न होगा। शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के सहयोग और एसजीपीसी के मुंबई से सदस्य बावा गुरिंदर सिंह की प्रेरणा से यह मार्च हर साल निकाला जाता है। मार्च के संयोजक डॉ. हरमीत सिंह सलूजा ने बुर्ज अकाली बाबा फूला सिंह में बताया कि मार्च में स्कूल बैंड, गतका टीम और रागी जत्थे हिस्सा लेंगे। माता खीवी जी मेमोरियल ट्रस्ट की देख-रेख में निकाले जाने वाले मार्च का नजारा अलग ही होता है। स्कूली बच्चे उन महान शहीद साहिबजादों की याद में सतनाम- वाहेगुरु गुरु मंत्र का जाप करते हुए चलते हैं। इन बच्चों को देखकर दूसरे बच्चे भी जोश में आ जाते हैं। सलूजा ने कहा कि गुरु गोबिंद सिंह जी के साहिबजादों की कुर्बानी आज की युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत है। साहिबजादा अजीत सिंह और साहिबजादा जुझार सिंह ने जंग के मैदान में बहादुरी और हिम्मत दिखाई, वैसे ही साहिबजादा जोरावर सिंह और साहिबजादा फतेह सिंह ने सरहिंद प्रांत के दरबार में मुगल शासकों को बहादुरी से जवाब देकर उनकी धर्म परिवर्तन की बात नहीं मानी। बल्कि खुशी-खुशी शहादत का जाम पीना उचित समझा। इस मौके पर धार्मिक, राजनीतिक और सामाजिक नेता भी मौजूद रहेंगे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *