सिंगरौली जिले में जनसुनवाई के दौरान आज कलेक्टर ने न सिर्फ लोगों की समस्याएं सुनी बल्कि ठंड के सीजन को देखते हुए जरूरतमंदों को कंबल भी वितरित किए। जिला कलेक्टर चंद्रशेखर शुक्ला ने बताया कि ठंड का सीजन है और ठंड अपने पूरे शबाब पर है। आज जनसुनवाई के दौरान कुछ ऐसे गरीब भी अपनी समस्याएं लेकर के आए हैं, जिनके पास ठंड से बचने के लिए पर्याप्त कपड़े भी नहीं है। ऐसे ही लोगों को आज न सिर्फ उनकी समस्याएं सुनी गई बल्कि इस कड़कड़ाती ठंड में उन्हें गर्म कंबल भी वितरित किए गए। जिला कलेक्टर ने बताया कि सरकार की मनसा भी यही है कि गरीबों को हर तरह से मदद की जाए। आज जनसुनवाई में एक सैकड़ा से ज्यादा लोग अपनी फरियाद लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचे थे। जिनमें से एक दर्जन से ज्यादा गरीब लोगों को कंबल वितरित किया गया। इस दौरान कंबल पाने वाले राम सुहावन ने कहा कि मुझे उम्मीद नहीं थी की कलेक्टर साहब इतने संवेदनशील होंगे। मुझे इस कंबल की बेहद जरूरत थी, मैं उनका धन्यवाद करता हूं। सेक्टर नंबर 4 से आई पार्वती देवी ने बताया कि इस कड़ाके की ठंड में मैं आई तो अपनी समस्या लेकर के थी पर कलेक्टर साहब ने मुझे कांपते देख कंबल दिया है। ऐसे अधिकारी बहुत कम देखने को मिलते हैं।


