सिंगरौली जिले के बरगवां थाना क्षेत्र स्थित हिंडाल्को महान एल्यूमिनियम प्लांट परिसर में एक तेंदुआ देखा गया है। प्लांट के सीएचपी क्षेत्र में तेंदुए की मौजूदगी सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई, जिसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया। तत्काल इसकी सूचना वन विभाग को दी गई। फुटेज में दिखा तेंदुआ बरगवां रेंज के रेंज ऑफिसर विकास कुमार मिश्रा ने इस घटना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि कंपनी प्रबंधन ने तेंदुए के दिखाई देने की जानकारी दी थी। सीसीटीवी फुटेज में तेंदुआ प्लांट परिसर के भीतर घूमता हुआ स्पष्ट रूप से नजर आ रहा है। एहतियात के तौर पर, वन विभाग की टीम ने तेंदुए को सुरक्षित रूप से पकड़ने के लिए इलाके में कैप्चर बॉक्स लगाए हैं। हालांकि, तेंदुए की वर्तमान स्थिति या उसके बाहर निकलने की जगह की अभी तक पुष्टि नहीं हो सकी है। पकड़ाने पर जंगल में छोड़ेंगे वन विभाग के अनुसार, यदि तेंदुआ कैप्चर बॉक्स में सुरक्षित रूप से पकड़ा जाता है, तो उसे जंगल क्षेत्र में छोड़ दिया जाएगा। यदि किसी स्थान पर तेंदुए के घायल होने या खतरे की स्थिति की सूचना मिलती है, तो विभाग उसे ट्रैंकुलाइज कर पकड़ने का प्रयास करेगा। दूसरी ओर, हिंडाल्को महान एल्यूमिनियम प्लांट प्रबंधन ने अपने कर्मचारियों और उनके परिवारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए एक एडवाइजरी जारी की है। इस एडवाइजरी में कारखाना परिसर में केवल चार पहिया वाहन से आवागमन की अनुमति दी गई है। कर्मचारी पैदल चलने से बचें कर्मचारियों को दोपहिया वाहनों या पैदल चलने से बचने, सुबह-शाम अनावश्यक रूप से घूमने से परहेज करने और एकांत क्षेत्रों में न जाने की हिदायत दी गई है। प्रबंधन ने सभी कर्मचारियों से सतर्क रहने और सुरक्षा निर्देशों का कड़ाई से पालन करने की अपील की है।


