छतरपुर में महिला को पटक-पटक कर मारा, VIDEO:छेड़छाड़ और मारपीट का आरोप, महिला बोली– पुलिस ने किया भेदभाव

छतरपुर जिले के गौरिहार थाना क्षेत्र की पहरा चौकी में महिला ने छेड़छाड़ और मारपीट के आरोप लगाए हैं। घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है। महिला ने पुलिस पर भेदभावपूर्ण कार्रवाई और जातिवाद जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़ित महिला का कहना है कि घटना 14 जनवरी 2026 की है। उसने गांव के कुछ दबंगों पर मारपीट और गाली-गलौज करने का आरोप लगाया है। घटना के बाद उसने डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी थी और पहरा चौकी में एफआईआर दर्ज कराई थी। महिला का आरोप है कि इसके बाद चौकी से फोन कर उस पर राजीनामा करने का दबाव बनाया गया। उसने कहा कि समझौता नहीं करने पर उसके खिलाफ भी केस दर्ज करने की धमकी दी गई। इससे आहत होकर महिला ने छतरपुर पुलिस अधीक्षक को शिकायत सौंपी। साथ ही एक सेल्फी वीडियो जारी कर चौकी प्रभारी पर लेन-देन और जातिवाद के आरोप लगाए। पुलिस का पक्ष: दो महिलाओं में हुआ था विवाद लवकुश नगर एसडीओपी नवीन दुबे ने महिला के सभी आरोपों को निराधार बताया है। उन्होंने कहा कि विवाद दो महिलाओं के बीच हुआ था। भुर्जी समाज की एक महिला ने गर्भवती यादव महिला के साथ मारपीट की थी, जिससे उसे चोटें आई थीं। एसडीओपी के अनुसार, इसके बाद गुस्से में यादव महिला के परिजनों ने भुर्जी महिला के साथ मारपीट कर दी। इसी मामले में दोनों पक्षों के खिलाफ काउंटर केस दर्ज किए गए हैं। एसडीओपी ने कहा-वीडियो बाद में आया सामने एसडीओपी नवीन दुबे ने बताया कि अब भुर्जी महिला अलग से छेड़छाड़ और मारपीट का मामला दर्ज कराने का दबाव बना रही है, जो उचित नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह घटना पहरा चौकी क्षेत्र की है, लेकिन घटना के बाद दोनों पक्ष गौरिहार थाने पहुंच गए थे और रिपोर्ट वहीं दर्ज की गई थी। उन्होंने कहा कि चौकी प्रभारी देवेंद्र यादव का मामले से कोई सीधा लेना-देना नहीं है। जांच उन्हें केवल उनके पद के चलते सौंपी गई है। महिला द्वारा लगाए गए सभी आरोप गलत हैं। महिला पहले भी एसपी को आवेदन दे चुकी है। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है। फिलहाल मारपीट और गाली-गलौज का वीडियो सामने आया है, जिसकी भी जांच की जा रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *