सिंगरौली जिले के बरगवां थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ कार्रवाई की है। पुलिस ने 135 लीटर देशी और विदेशी शराब से भरी एक फोर्ड इकोस्पोर्ट कार जब्त की है। हालांकि, पुलिस कार्रवाई के दौरान कार चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है। पुलिस के अनुसार, शुक्रवार को गश्त के दौरान मुखबिर से सूचना मिली थी। सूचना में बताया गया कि एक काले रंग की इकोस्पोर्ट कार में अवैध शराब लोड कर ग्राम बंधा से पचौर की ओर ले जाई जा रही है। इस सूचना पर पुलिस टीम तुरंत पचौर-रखत पुल के पास पहुंची और घेराबंदी की। कुछ देर बाद संदिग्ध फोर्ड इकोस्पोर्ट कार आती दिखाई दी। पुलिस ने वाहन को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक ने कार को सड़क के नीचे उतार दिया। अंधेरे का फायदा उठाकर वह मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मौके पर वाहन की तलाशी ली। इसमें 5 पेटी में 250 पाव देसी प्लेन शराब, 2 पेटी में 100 पाव गोवा व्हिस्की, 24 पाव मैकडॉवेल रम, 1 पेटी में 12 बीयर बोतल और 5 पेटी में 120 पावर कैन बीयर बरामद हुई। जब्त शराब की कुल मात्रा 135.12 लीटर आंकी गई है, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 52 हजार रुपए है। शराब के साथ ही करीब 10 लाख रुपए कीमत की फोर्ड इकोस्पोर्ट कार (क्रमांक UP 65 BM 5454) को भी जब्त किया गया है। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। फरार आरोपी की तलाश तेज कर दी गई है।


