सिंगरौली में गामा डीआई वाहन पलटा, चालक गंभीर घायल:छठी बरही से लौटते समय जंगल पहाड़ी मोड़ पर हुआ हादसा, यात्रियों को भी चोटें

सिंगरौली जिले के कुंदवार चौकी अंतर्गत चरखी क्षेत्र में रविवार को एक सड़क हादसा हो गया। छठी बरही के पारिवारिक कार्यक्रम से लौट रहा एक गामा डीआई वाहन जंगल पहाड़ी मोड़ पर अनियंत्रित होकर पलट गया। इस दुर्घटना में वाहन चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि वाहन में सवार आधा दर्जन से अधिक अन्य यात्रियों को भी चोटें आई हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वाहन जंगल पहाड़ी मोड़ के पास पहुंचते ही अचानक संतुलन खो बैठा और सड़क किनारे पलट गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को वाहन से बाहर निकाला गया और प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। घटना की सूचना मिलते ही कुंदवार चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने बताया कि हादसे के कारण सड़क पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित हुआ था, जिसे बाद में सामान्य कर दिया गया। इस मामले में जियावन थाना प्रभारी रोशनी पटेल ने जानकारी दी कि शहडोल जिले का एक परिवार सिंगरौली में पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने आया था। कार्यक्रम के बाद सभी लोग वापस शहडोल के लिए रवाना हो रहे थे, तभी जंगल पहाड़ी मोड़ के पास यह दुर्घटना हुई। उन्होंने बताया कि वाहन चालक को चोटें आई हैं और परिवार उपचार कराने के बाद शहडोल के लिए प्रस्थान कर चुका है। इस संबंध में थाने में कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। फिलहाल पुलिस ने इस हादसे को लेकर कोई मर्ग या अपराध पंजीबद्ध नहीं किया है। पुलिस ने पहाड़ी और घुमावदार रास्तों पर वाहन चलाते समय अत्यधिक सावधानी बरतने की आवश्यकता पर जोर दिया है, ताकि ऐसी दुर्घटनाओं से बचा जा सके।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *