सिंगरौली में डॉक्टर 30 हजार रिश्वत लेते गिरफ्तार:पीएम रिपोर्ट में सर्पदंश लिखने के लिए मांगी थी 1 लाख की घूस

सिंगरौली जिले में लोकायुक्त रीवा की टीम ने कार्रवाई करते हुए चितरंगी स्वास्थ्य केंद्र में पदस्थ चिकित्सा अधिकारी डॉ. अमरजीत सिंह और सुपरवाइजर राजकुमार वैश्य को 30,000 रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। यह रिश्वत पीएम रिपोर्ट में सर्पदंश लिखने के एवज में मांगी गई थी। लोकायुक्त रीवा के निरीक्षक संदीप सिंह भदौरिया ने बताया कि बगैया गांव की फूलमती सिंह ने 30 सितंबर 2025 को शिकायत दर्ज कराई थी। उनके पति जयपाल सिंह की मौत जून महीने में सांप के काटने से हुई थी। पीएम रिपोर्ट में सर्पदंश दर्ज करने के लिए डॉ. अमरजीत सिंह और राजकुमार वैश्य ने कुल एक लाख रुपए की रिश्वत मांगी थी। स्वास्थ्य केंद्र में दबोचा शिकायत मिलने के बाद लोकायुक्त संभाग रीवा के पुलिस अधीक्षक सुनील कुमार पाटीदार ने शिकायत का सत्यापन करवाया। रिश्वत की मांग की पुष्टि होने पर एक टीम गठित की गई। शुक्रवार को स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर डॉ. अमरजीत सिंह को 30,000 रुपए की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया गया। इस कार्रवाई में निरीक्षक संदीप सिंह भदौरिया, निरीक्षक एस. राम मरावी सहित टीम के अन्य अधिकारी शामिल रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *