सिंगरौली के हिर्रवाह मार्ग स्थित पुल के नीचे पानी में डूबे किसान रामजतन साकेत का शव पांचवें दिन बरामद कर लिया गया है। चार दिनों से जारी सघन सर्च ऑपरेशन के बाद सोमवार सुबह उनका शव पुल के नीचे पानी में मिला। सूचना मिलते ही पुलिस, होमगार्ड और स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे। हिर्रवाह निवासी रामजतन साकेत पिछले चार दिनों से लापता थे। उनकी तलाश के लिए एसडीईआरएफ, होमगार्ड, पुलिस प्रशासन और स्थानीय ग्रामीणों द्वारा लगातार खोज अभियान चलाया जा रहा था। बचाव दल ने नदी के दोनों किनारों और आसपास के इलाकों में गहन छानबीन की, लेकिन उन्हें कोई सफलता नहीं मिल पा रही थी। सोमवार की सुबह कुछ ग्रामीणों ने पुल के नीचे नदी में एक शव देखा। इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद शव को पानी से बाहर निकाला, जिसकी पहचान परिजनों द्वारा रामजतन साकेत के रूप में की गई। जानकारी के अनुसार, यह घटना लगभग चार दिन पहले की है। रामजतन साकेत की नदी के पास पुल के समीप एक किराना दुकान है। बताया गया है कि गुटखा खाने के बाद वह पुल की ओर गए थे, तभी किसी व्यक्ति ने उन्हें पुल के नीचे पानी में डूबते हुए देखा था। इसके बाद से ही वह लापता थे। घटनास्थल नगर निगम जिला मुख्यालय से लगभग दो किलोमीटर दूर हिर्रवाह मार्ग पर स्थित है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। मौके पर भारी संख्या में ग्रामीण और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।


