सिंगरौली जिले के बैढ़न थाना क्षेत्र अंतर्गत बलियरी इलाके में मंगलवार देर रात एक फ्लाई ऐश लोड बल्कर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक घर की दीवार पर पलट गया। इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, हालांकि घर की दीवार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। यह बल्कर एनटीपीसी के फ्लाई ऐश डैम से राखड़ (फ्लाई ऐश) का परिवहन कर रहा था। घटना बलियरी इलाके में हुई, जहां सड़क बेहद संकरी है। देर रात हुई इस घटना का एक वीडियो बुधवार को सामने आया है। वीडियो में देखा जा सकता है कि बल्कर वाहन सड़क से फिसलकर सीधे दीवार से टकराया और उसे तोड़ते हुए पलट गया। हादसे के समय सड़क पर आवागमन कम होने के कारण कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ, लेकिन स्थानीय लोगों में डर और नाराजगी देखी जा रही है। स्थानीय निवासी जमुना वैद्य ने बताया कि बलियरी की सड़क संकरी होने के बावजूद यहां से एनटीपीसी के फ्लाई ऐश डैम से भारी ट्रक और बल्कर लगातार गुजरते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि इस मार्ग पर पहले भी कई हादसे हो चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। घटना के बाद न तो वाहन चालक और न ही पीड़ित परिवार की ओर से थाने में कोई शिकायत दर्ज कराई गई है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन को चेतावनी दी है कि यदि समय रहते ध्यान नहीं दिया गया तो भविष्य में बड़ा हादसा हो सकता है। उन्होंने संकरी सड़क पर भारी वाहनों के आवागमन पर रोक लगाने और वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था करने की मांग की है।


