सिंगरौली में वनपाल समेत तीन पर FIR:आदिवासी से मारपीट मामले में 11 दिन बाद कार्रवाई; मेडिकल में फ्रैक्चर पुष्टि

सिंगरौली जिले के गोभा क्षेत्र में आदिवासी बैगा समुदाय के श्रीलाल बैग से मारपीट के मामले में बैढ़न थाना पुलिस ने 11 दिन बाद कार्रवाई की है। पुलिस ने वनपाल सुनील कुमार बुनकर सहित तीन लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। नगर पुलिस अधीक्षक पीएस परस्ते ने मंगलवार को बताया कि जिला प्रशासन के निर्देश पर पीड़ित श्रीलाल बैग का मेडिकल परीक्षण डॉक्टरों की टीम द्वारा कराया गया था। इस रिपोर्ट में श्रीलाल के शरीर के कई हिस्सों में चोटें और हाथ में फ्रैक्चर की पुष्टि हुई है। इसी मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर दो सिविलियन और एक वनपाल के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार, मामले की विवेचना अभी जारी है। नगर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि वन विभाग इस मामले में अलग तर्क प्रस्तुत कर रहा है। वन विभाग का कहना है कि जब श्रीलाल बैग को पहले आरोपी बनाकर न्यायालय में पेश किया गया था, तब मेडिकल जांच में किसी चोट का उल्लेख नहीं था। पुलिस अब डॉक्टरों की रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर इन चोटों के स्रोत की जांच कर रही है। ये था पूरा मामला यह पूरा मामला 18 दिसंबर को सामने आया था। घटना के बाद श्रीलाल बैग के समर्थन में गोभा चौकी का घेराव किया गया था। दूसरी ओर, वनकर्मियों ने भी रैली निकालकर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा और निष्पक्ष जांच की मांग की थी। इन घटनाक्रमों के बाद ही डॉक्टरों की टीम ने पीड़ित का दोबारा मेडिकल परीक्षण किया, जिसके आधार पर अब एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस ने बताया कि विवेचना पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि मारपीट कब, कैसे और किन परिस्थितियों में हुई थी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *