सिंगरौली जिले के अजगुढ़ गांव में बुधवार को विश्वकर्मा पूजा के दौरान तालाब में नहाने गया 25 वर्षीय युवक हीरालाल सिंह पानी में डूब गया। एसडीईआरएफ की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद उसका शव बरामद किया। मोरवा थाना प्रभारी उमेश प्रताप सिंह ने बताया कि हीरालाल अपने एक परिचित के साथ अजगुढ़ गांव गया था। वहां विश्वकर्मा पूजा के चलते कई वाहन तालाब के किनारे खड़े थे और लोग उन्हें धो रहे थे। इसी दौरान हीरालाल नहाने के लिए गहरे पानी में चला गया और अचानक लापता हो गया। उसके परिचित ने जब उसे नहीं देखा तो तुरंत पुलिस को सूचना दी। एसडीईआरएफ ने निकाला शव सूचना मिलते ही पुलिस की टीम और स्थानीय गोताखोर मौके पर पहुंचे, लेकिन हीरालाल का पता नहीं चल सका। इसके बाद बैढ़न से जिला स्तरीय एसडीईआरएफ टीम को बुलाया गया। टीम के गोताखोरों ने शाम 5 से 6 बजे के बीच गहरे पानी से हीरालाल का शव बाहर निकाला। पुलिस इस पूरे मामले की जांच कर रही है।


