खंडवा के सिंगोट गांव में स्थित एक सराफा दुकान में चोरी हो गई। घटना तीन दिन पहले 9 जनवरी की है, रविवार को स्टॉक देखने के बाद आज (रविवार) खुलासा हुआ। सीसीटीवी फुटेज चेक किए गए तो एक बदमाश नजर आया, जो सोने के मोती से भरा एक डिब्बा लेकर चले गया। व्यापारी की शिकायत पर पुलिस ने मामले को जांच में लिया है। कृष्णा ज्वैलर्स के संचालक सचिन सोनी ने बताया कि घटना 9 जनवरी दोपहर 12 बजे वह दुकान में बेटे को बैठाकर जरूरी काम से बैंक गए थे। इस बीच एक शख्स दुकान पर पहुंचा, उसने सोने के आभूषण देखने के लिए बेटे को बातों में उलझा दिया। कुछ देर में दूसरा व्यक्ति भी आ गया। इस दौरान एक बदमाश ने सोने के आभूषण से भरा हुआ डिब्बा चोरी कर लिया। रविवार को स्टॉक का मिलान किया तो पता चला कि सोने के मोतियों से भरा एक डिब्बा कम है। 25 ग्राम सोना था, जिसकी कीमत करीब दो लाख रूपए है। बाद में सीसीटीवी फुटेज चेक किए गए, फुटेज में एक बदमाश नजर आया है। मामले में थाना पिपलोद पुलिस से शिकायत की है। पिपलोद टीआई एसएन पांडेय का कहना है, शिकायत मिलने के बाद मौके पर टीम को भेजा था। प्रकरण दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाश की तलाश की जा रही है।


