भास्कर न्यूज | बैकुंठपुर इस साल अच्छी बारिश की चलते गांव में बने तालाब और डबरी फुल हो गए हैं। इसके चलते आसपास के खेतों में सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध होने के साथ मछली पालन में सहूलियत मिलेगी। ग्रामीण भारत में जल संरक्षण और आजीविका संवर्धन को लेकर चल रहे मिशन अमृत सरोवर अभियान के तहत बारिश से पहले तालाबों का गहरीकरण किया था। कोरिया जिले की बैकुंठपुर जनपद पंचायत के अंतर्गत ग्राम बिशुनपुर के पुराने गाद से भरे तालाब की सफाई की थी। इसमें अब लबालब जलभराव देखने को मिल रहा है। ग्राम बिशुनपुर के इस तालाब से गाद सफाई और गहरीकरण को लेकर ग्राम पंचायत के प्रस्ताव पर इस कार्य के लिए 9.14 लाख रुपए की प्रशासनिक स्वीकृति मंजूरी दी थी। पुनर्निर्माण के बाद अब यह तालाब 10 हजार घनमीटर से अधिक जलभराव क्षमता का हो गया है, जो पहले की तुलना में तीन गुना अधिक है। इस तालाब से अब गांव के 14 एकड़ खेतों की सिंचाई होगी, जिससे 41 परिवारों को सीधा लाभ मिलेगा। वहीं भीषण गर्मी के दिनों में सैकड़ों मवेशियों को पेयजल के लिए भटकना नहीं पड़ेगा। ग्राम पंचायत द्वारा तालाब को मछली पालन के लिए स्थानीय महिला स्व-सहायता समूह को लीज पर दिया है। इस समूह को हर साल 2 लाख रुपए की आमदनी हो रही है। इससे महिलाओं की आमदनी बढ़ेगी और वे आत्मनिर्भर बनेंगी


