करनौद| जिले के बम्हनीडीह तहसील के ग्राम पंचायत करनौद स्थित सिंचाई कॉलोनी में अवैध कब्जे का मामला सामने आया है। ग्राम के कुछ व्यक्तियों ने सिंचाई कॉलोनी की भूमि पर कब्जा कर लिया है, जबकि तहसीलदार द्वारा पिछले 1 साल से भूमि का सीमांकन नहीं कराया गया है। करनौद में सिंचाई कॉलोनी का निर्माण किया गया था, लेकिन अब यह खंडहर में तब्दील हो गया है। इसकी कुल भूमि का खसरा क्रमांक 2338 है, जिसका क्षेत्रफल 59.885 हेक्टेयर है। इस भूमि पर अब कुछ स्थानीय व्यक्तियों ने अवैध रूप से कब्जा कर लिया है। जब ग्रामीणों ने इसका विरोध किया, तो कब्जाधारी उनसे मारपीट करने पर उतारू हो गए। इस मुद्दे को लेकर एक ग्रामीण ने छत्तीसगढ़ जल संसाधन मंत्री से शिकायत की थी। मंत्री ने इस पर संज्ञान लेते हुए जांच के आदेश दिए थे।


