आमजन की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर समाधान एवं निराकरण करने के उद्देश्य से जिला कलेक्टर देवेन्द्र कुमार ने पंचायत समिति दौसा की ग्राम पंचायत सिण्डोली में रात्रि चौपाल का आयोजन कर ग्रामवासियों के अभाव अभियोग सुने। रात्रि चौपाल में करीब 45 परिवाद प्राप्त हुए, जिनमें से 17 का मौके पर ही समाधान किया गया। जिनमें प्रमुख रूप से राजस्व, सडक निर्माण, पेयजल, अतिक्रमण, बिजली संबंधित, एनएफएसए संबंधित परिवाद प्राप्त हुए। कलेक्टर ने कहा कि संबंधित विभागीय अधिकारी परिवादों के निस्तारण के संबंध में परिवादी को पूर्ण जानकारी उपलब्ध करवाएं और प्राप्त परिवादों को संबंधित अधिकारी संवेदनशीलता से यथाशीघ्र निस्तारित भी करें। रात्रि चौपाल में ग्रामीणों को केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में विभागवार जानकारी प्रदान की गई, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति योजनाओं का लाभ लेने से वंचित न रहे। रात्रि चौपाल में जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी नरेंद्र कुमार मीणा, उपखंड अधिकारी मूलचंद लूणिया, तहसीलदार, विकास अधिकारी सहित जिला एवं ब्लॉक स्तरीय अधिकारी, स्थानीय सरपंच, पटवारी एवं ग्राम विकास अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।


