सिकिदिरी हुंडरू फॉल रोड में जल विद्युत परियोजना के गेस्ट हाउस के पास अज्ञात वाहन की चपेट में आकर बाइक सवार युवक गोला थाना क्षेत्र के जयंती बेड़ा निवासी भीम भोगता (19) की मौत हो गई। वहीं बाइक पर सवार दो अन्य युवक जयंती बेड़ा निवासी सतीश कुमार भोगता (14) और रजरप्पा थाना क्षेत्र के पुतरीडीह निवासी सिकंदर भोगता (20) गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना सोमवार रात करीब 10 बजे की है। सूचना मिलने पर सिकिदिरी थाना की पुलिस ने मौके पर पहुंचकर तीनों को रिम्स पहुंचाया। इस दौरान भीम भोगता ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। घटना के संबंध में बताया जाता है कि तीनों युवक बाइक में सवार होकर हुंडरू फॉल से सिकिदिरी होकर पुतरीडीह की ओर जा रहे थे, इसी दौरान अज्ञात वाहन की चपेट में आ गए। मृतक भीम ने हेलमेट नहीं पहना था। सिकिदिरी- ओरमांझी पथ के एमके मोटल सहेदा मोड़ के समीप एक बस और बोलेरो की सीधी टक्कर हो गई। इस घटना में बोलेरो में सवार जोबला के छह युवक घायल हो गए। घटना सोमवार की शाम करीब छह बजे की है। घायलों में सिकिदिरी थाना क्षेत्र के जोबला गांव के युवक अनुज पूर्ति, आर्यन बलमुचू, हर्ष पूर्ति, अजय बेदिया, जॉय पूर्ति व सनी कच्छप शामिल हैं। सूचना पाकर सिकिदिरी थाने की पुलिस ने सभी घायल युवकों को अस्पताल पहुंचाया। बताया जाता है कि गोला स्थित ब्रह्मपुत्रा मेटालिक्स प्राइवेट लिमिटेड गोला की बस कंपनी के कर्मियों को लेकर ओरमांझी की ओर जा रही थी। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रही बोलेरो से टक्कर हो गई।


