भिवाड़ी के फूल बाग थाना क्षेत्र में महेश्वरी गांव के पास स्थित परशुरामपुरिया कंपनी में सिक्योरिटी गार्ड के कपड़ों में अचानक आग लग गई। उसने बड़ी मुश्किल से आग बुझाई। काफी देर तक तड़पता रहा। बता दें कि उत्तर प्रदेश के फतेहपुर निवासी रामवीर सिंह (41) पिछले कई साल से भिवाड़ी में सिक्योरिटी गार्ड के रूप में कार्यरत है। बीती रात वह कंपनी के सिक्योरिटी गार्ड रूम में ड्यूटी के दौरान ठंड से बचने के लिए हीटर के पास ताप रहा था। इसी दौरान उसका चेहरा दूसरी ओर था और पीछे से उसकी जैकेट में आग लग गई। वह काफी समय तक आग लगी जैकेट नहीं उतार पाया। आग से वह बुरी तरह झुलस गया। 10 मिनट तक आग लगी रही गार्ड के कपड़ों में आग करीब 10 मिनट तक लगी रही। रामवीर सिंह अकेला तड़पता रहा। बाद में किसी तरह खुद को संभाला और आग को बुझाया। आग बुझने तक वह काफी झुलस गया। उसके बाद उसने पड़ोसी को फोन कर घटना की सूचना दी, जिस पर पड़ोसी मौके पर पहुंचा और उसे हॉस्पिटल लेकर गया। फिलहाल रामवीर सिंह की हालत गंभीर बनी हुई है और उसका इलाज जारी है।


