सिख इतिहास के साथ बच्चों को जोड़ें

भास्कर न्यूज | लुधियाना गुरुद्वारा श्री सिंह सभा साहिब, ई-ब्लॉक बीआरएस नगर में हर सप्ताह की तरह इस सप्ताह भी साप्ताहिक कीर्तन समागम बड़े श्रद्धा और भाव से मनाया गया। इस अवसर पर जगाधरी से पधारे रागी जत्थे भाई सतिंदर पाल सिंह ने अपने मधुर और भावपूर्ण कीर्तन से संगत को निहाल किया। समागम की शुरुआत भाई सतिंदर पाल सिंह ने संगत को “वाहेगुरु” के पावन जाप से जोड़ते हुए की। इसके उपरांत उन्होंने “सब तो वड्डा सतगुरु नानक, गुरु हरकृष्ण धियाइए, जिस डिठे सब दुख जाए” जैसे पवित्र शबदों का गायन कर संगत को श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की वाणी से जोड़ने का प्रयास किया। विचार साझा करते हुए भाई साहिब ने संगत से अपील की कि वे अपने बच्चों को सिख इतिहास के महान विरसे से अवगत करवाएं और उन्हें गुरबाणी से जोड़ें। उन्होंने कहा कि आज के समय में युवाओं का सही मार्गदर्शन अति आवश्यक है, और गुरबाणी ही वह मार्ग है जो जीवन को सच्चे अर्थों में सार्थक बना सकती है। गुरुद्वारा साहिब के प्रधान सत्यपाल सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि गुरुद्वारा कमेटी द्वारा हर सप्ताह नियमित रूप से कीर्तन समागम का आयोजन किया जाता है। इसका मुख्य उद्देश्य संगत, विशेषकर युवाओं को गुरबाणी, सिख इतिहास और गुरु साहिबानों के जीवन संदेशों से जोड़ना है, ताकि वे नशों और गलत संगत से बचकर एक आध्यात्मिक और जिम्मेदार जीवन की तरफ अग्रसर हों।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *