सिद्धांतों की राजनीति करते थे जोशी, युवा उनके आदर्शों का करें अनुसरण: राठौड़

नगर विकास न्यास के पूर्व अध्यक्ष मक्खन जोशी की 25वीं पुण्यतिथि मक्खन जोशी वेलफेयर सोसायटी का ‘मेरी संस्कृति, मेरी विरासत’ अभियान बुधवार को शुरू हुआ। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने जयपुर स्थित भाजपा के प्रदेश कार्यालय में इसकी शुरूआत की। उन्होंने मक्खन जोशी के चित्र के समक्ष पुष्पांजलि अर्पित की और कहा कि मक्खन जोशी सिद्धांतों की राजनीति करते थे। उन्होंने सदैव गरीब, पिछड़े, शोषित, वंचित वर्ग के लोगों के हितों के लिए संघर्ष किया। वे आपातकाल के दौरान लंबे समय तक जेल में रहे। वे पार्टी के सच्चे सिपाही थे। युवाओं को उनके सिद्धांतों का अनुसरण करना चाहिए। राठौड़ ने सोसाइटी द्वारा किए जा रहे सामाजिक सरोकारों के कार्यों की सराहना की और कहा कि संस्था के प्रकल्पों से आमजन में विभिन्न विषयों के प्रति जागरुकता आई है। मक्खन जोशी वेलफेयर सोसायटी के सचिव अविनाश जोशी ने अभियान के तहत साल भर आयोजित होने वाली गतिविधियों के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि अभियान के तहत कला, साहित्य एवं संस्कृति के क्षेत्र में काम करने वाले व्यक्तियों और संस्थाओं के साथ सतत आयोजन किए जाएंगे। इस दौरान भाजपा के प्रदेश महामंत्री श्रवण बगड़ी, भूपेंद्र सैनी, मिथिलेश गौतम, प्रदेश उपाध्यक्ष नाहर सिंह जोधा, मुकेश दाधीच, आईदान सिंह भाटी, शंकर गौरा, मुकेश पारीक मौजूद रहे। बीकानेर में आयोजित हुई शोक सभा नगर विकास न्यास के पूर्व अध्यक्ष मक्खन जोशी की पुण्यतिथि पर बीकानेर में भी श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। व्यास पार्क स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय शिक्षक प्रशिक्षक महाविद्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान संस्था के अध्यक्ष शांति प्रसाद बिस्सा ने मक्खन जोशी के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर बात रखी। इस दौरान डॉ. मीनाक्षी शर्मा, अंजली रंगा, चांद रतन सेवग, राधा रानी जोशी, रामकुमार रंगा सहित अनेक लोग मौजूद रहे। उधर, मक्खन जोशी की पुण्यतिथि पर नत्थूसर गेट व्यापार मंडल की ओर से भी श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। इस दौरान नरेश जोशी, ऋषभ जोशी, मूलचंद किराड़ू, कमल आचार्य, नवनीत पुरोहित सहित अनेक लोगों ने मक्खन जोशी के चित्र के समक्ष पुष्पांजलि अर्पित की और इनके राजनैतिक एवं सामाजिक योगदान को स्मरण किया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *