रतलाम के सिद्ध तीर्थ श्री बरबड हनुमान जी मंदिर पर मूर्ति प्राण-प्रतिष्ठा और ध्वज-कलश स्थापना का पांच दिवसीय महोत्सव का शुभारंभ बुधवार से हुआ। यज्ञ शुभारंभ के साथ महोत्सव की शुरूआत की गई। प्राण प्रतिष्ठा व कलश स्थापना महामंडलेश्वर 1008 श्री ईश्वरानंद महाराज (उत्तम स्वामीजी) के सानिध्य में होगी। पांच दिवसीय महोत्सव के दौरान प्रतिदिन विभिन्न धार्मिक आयोजन होंगे। महोत्सव के पहले दिन सर्वप्रथम हेमाद्रि स्नान कर देव पूजन किया। इसके बाद यज्ञाचार्य पं दुर्गाशंकर ओझा और 11 भूदेवों के मंत्रोच्चार के बीच यज्ञ आरंभ हुआ। यज्ञ में यजमान संध्या-चंद्रप्रकाश सारडा, ममता-अनिल झालानी, निकिता-संजय अग्रवाल, गायत्री-रमेश मित्तल, लक्ष्मी-महेश अग्रवाल ने आहूतिया दीं। शाम 4 बजे बाद कर यज्ञ को विश्राम दिया गया। प्रतिदिन होंगे कार्यक्रम
महोत्सव में प्रतिदिन धार्मिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। 27 नवंबर की रात देवास के भजन गायक द्वारका मंत्री की भजन संध्या होगी। 28 नवंबर की शाम 4 बजे महलवाडा से महोत्सव में शामिल होने के लिए शहरवासियों को आमंत्रण देने के लिए आव्हान रैली निकाली जाएगी। रात 8 बजे भजन गायक गोपाल शर्मा की भजन संध्या होगी। 29 नवंबर को उत्तम स्वामीजी रतलाम आएंगे। शाम 5 बजे उनके प्रवचन होंगे। 30 नवंबर को दोपहर 11.45 बजे अभिजित मुहूर्त में वे मूर्ति प्राण-प्रतिष्ठा कराएंगे। नवनिर्मित मंदिरों में श्री राम दरबार, श्री राधा-कृष्ण, श्री अंबे माताजी, श्री गणेशजी, श्री शिव परिवार की मूर्ति प्राण-प्रतिष्ठा और शिखर पर ध्वजा एवं स्वर्ण कलश की स्थापना की जाएगी। इसके बाद दोपहर 1 से 4 बजे तक महाप्रसादी का आयोजन होगा। 10 करोड़ की राशि से हुआ नवनिर्माण
श्री बरबड हनुमान मंदिर ट्रस्ट पदाधिकारियों ने बताया कि मंदिर में श्री हनुमानजी की मूर्ति यथा स्थापित है। ट्रस्ट द्वारा हनुमान जी के मंदिर समेत परिसर में 10 करोड से अधिक राशि खर्च कर अन्य मंदिरों का नवनिर्माण कराया है। जिसमें श्री राम दरबार, श्री राधा-कृष्ण, श्री अंबे माताजी, श्री गणेशजी, श्री शिव परिवार की मूर्ति प्राण-प्रतिष्ठा की जाएगी। साथ ही शिखर पर ध्वजा और स्वर्ण कलश की स्थापना की जाएगी। मंदिर को आकर्षक विद्युत सज्जा के साथ सजाया है।


